चंडीगढ़ : जेबीटी भर्ती घोटाले में सजा काट रहे हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला सोमवार को 14 दिन की पैरोल पर तिहाड़ से बाहर आ रहे हैं। इस दौरान चौटाला हरियाणा में कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाएंगे। चौटाला ऐसे समय मे बाहर आ रहे हैं जब लोकसभा में करारी हार के बाद इनेलो कार्यकर्ताओं में मायूसी छाई हुई है। ओम प्रकाश चौटाला की पैरोल को लेकर मार्च माह से विवाद चल रहा है। लोकसभा चुनाव से पहले चौटाला ने अपनी उम्र व स्वास्थ्य का हवाला देकर पैरोल की अर्जी लगाई थी।
लेकिन दिल्ली सरकार ने चौटाला की पैरोल पर कई शर्तें लगाकर उन्हें बाध्य कर दिया था। जिसके तहत चौटाला के कही भी आने जाने और सार्वजनिक राजनीतिक कार्यक्रमो में भाग लेने पर रोक लगा दी। बताया जाता है कि तिहाड़ जेल प्रशासन द्वारा पैरोल को स्वीकार किए जाने के बावजूद चौटाला बाहर नहीं आये थे। इसके उलट इसी घोटाले में बंद अजय चौटाला लोकसभा चुनाव से पहले न केवल बाहर आये बल्कि उन्होंने चुनाव प्रचार में भी भाग लिया।
अब अजय चौटाला जेल चले गए हैं और सोमवार से ओम प्रकाश चौटाला 14 दिन की पैरोल पर बाहर आ रहे हैं। इस बार चौटाला की पैरोल में कोई शर्त नहीं है। जिसके चलते सोमवार को वह तिहाड़ से बाहर आकर सबसे पहले गुरुग्राम में कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वह सिरसा में जाएंगे। सूत्रों के अनुसार ओम प्रकाश चौटाला इस अवधि के दौरान कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने ओर उनका विधानसभा चुनाव के लिए मनोबल बढ़ाने के लिए हरियाणा का दौरा भी कर सकते हैं। जिसकी रूपरेखा तैयार की जा रही है।


Download Android App
Download iOS App



