भिवानी: हरियाणा के इतिहास में किसानों की भलाई के लिए पिछले अढ़ाई साल के दौरान जितने फैसले लिए गए है, उतने आज तक किसी सरकार ने नहीं लिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना साकार करते हुए किसानों की आमदनी को बढ़ाने और खेती को जोखिम फ्री करते हुए सरकार लगातार किसान हित में काम कर रही है। तोशाम अनाजमण्डी में कल भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष द्वारा आयोजित किसान जमावड़ा विशाल रैली को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी के राज में किसानों को अढ़ाई रूपये-पांच रूपये के चैक मुआवजा के तौर पर दिए जाते हैं, आज उसी के नेता किसान पंचायत बुलाकर किसानों के हितैषी होने का झूठा दावा कर रहे हैं।
किसानों को ऐसे नेताओं के बहकावे में न आकर काम करने वाली सरकार का साथ देना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा पर स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू न करने का गलत आरोप लगाने वाले पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा कमजोर मुख्यमंत्री साबित हुए है। वे अपने ही राज में इस आयोग के लिए बनाई गई सीएम कमेटी का चेयरमैन होने के बावजूद एक भी सिफारिश को लागू नहीं कर पाए । जबकि भाजपा ने केंद्र व राज्य में सरकार बनते ही स्वामीनाथन आयोग की लगभग सभी सिफारिशों को योजनाएं तैयार कर लागू किया। जिसकी सराहना स्वयं डॉ.स्वामीनाथन भी सोशल मीडिया के जरिए कर चुके हैं।
(दीपक खंडेलवाल)


Download Android App
Download iOS App



