फरीदाबाद : औद्योगिक नगरी में एटीएम लुटेरे अलग-अलग तरीकों से एटीएम से लाखों रूपए लूटकर ले जा रहे है। करीबन दो माह पहले लुटेरों ने गांव धौज में किसी प्रकार का धमाका कर रूपए लूटे थे। इसके बाद आज भी लुटेरों ने एटीएम से लाखों रूपए लूटकर उसे आग के हवाले कर दिया। जानकारी के अनुसार थाना सेक्टर-55 क्षेत्र की राजीव कॉलोनी में एसबीआई बैंक ने अपना एटीएम लगाया हुआ है।
अलसुबह करीबन साढ़े तीन बजे लुटेरे एटीएम को गैस कटर से काटकर बदमाश करीबन 16 लाख रुपये लूट ले गए। वारदात के बाद बदमाशों ने एटीएम को आग के हवाले कर दिया तथा शटर बंद कर फरार हो गए। बुधवार रात को भी सुरक्षाकर्मी ने एटीएम बूथ बंद कर ताला लगा दिया था। सुबह करीब 6 बजे जब वह एटीएम बूथ पर आया तो देखा कि ताला टूटा हुआ है और शटर नीचे से थोड़ा मुड़ा हुआ था।
इसके अलावा अंदर से धुआं भी निकल रहा था। सुरक्षाकर्मी ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम व बैंक अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही सेक्टर.58 थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। कुछ ही देर में क्राइम ब्रांच की टीमें भी पहुंच गई और मौके पर जांच की। बदमाशों ने बूथ में लगे एक एटीएम को पहले गैस कटर से काटा और उसमें रखी नकदी लूटकर बूथ में आग लगा दी। बैंक अधिकारियों के अनुसार एक दिन पहले बुधवार की शाम करीब 4 बजे एटीएम में 18 लाख रुपये डाले गए थे। अनुमान है कि रात तक उसमें से करीब दो लाख रुपये निकले थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


Download Android App
Download iOS App



