जींद: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में पिछले तीन साल के दौरान प्रदेश की जनता को जिन कटु अनुभवों से गुजरना पड़ा है, उनका समय आने पर बाखूबी से हिसाब लिया जाएगा। भाजपाइयों ने भाई को भाई से लड़ाने तथा विकास के नाम पर हवा-हवाई गुब्बारे छोडऩे के अलावा कुछ भी नहीं किया है। कांग्रेस सरकार ने जो परियोजनाएं शुरू की थी, उन्हीं के आगे खड़े होकर क्रेडिट लिये जाने की सत्ताधारियों में होड़ मची हुई है। किंतु प्रदेश की जनता जानती है कि वास्तव में हरे-भरे हरियाणा में विकास की गंगा बहाने का काम तो कांग्रेस ने ही किया था। अगर भाजपा ने कुछ किया है तो वह तीन सालों के दौरान तीन बार लोगों को लहूलुहान करने का काम किया है। हमने तो हरियाणा को विकास की उड़ान दी थी, किंतु भाजपाइयों ने इसमें जातीय विष घोलकर विकास के मामले में पीछे धकेलने का काम किया है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा गुरूवार को जींद में पंजाब केसरी से विशेष बातचीत कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने 95 वर्षीय स्वतंत्रता सेनानी जयचंद के निधन, पूर्व विधायक धज्जाराम की धर्मपत्नी बिमला देवी के निधन, कांग्रेसी नेता श्याम बिहारी जिंदल के बहनोई और कांग्रेसी नेता कृष्ण बुआना के पिता के निधन पर उनके पीडि़त परिवारों के यहां पहुंचकर शोक जताया। इस मौके पर उनके साथ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष कुलदीप शर्मा, विधायक जगबीर मलिक, पूर्व मंत्री बच्चन सिंह आर्य, जुलाना से पार्टी प्रत्याशी रहे धर्मेद्र ढुल, पूर्व जिला प्रधान बलराम कटवाल, रामकरण दास मंगला, ओमप्रकाश ढांडा, ऋषिपाल हैबतपुर, सुरेश गोयत, विनोद आसरी, दलबीर सिंह रेढू, सुनील जुलानी, जगदीश बीबीपुर, दीपक पिंडारा, सुभाष बधाना, मदन लाल बतरा, जिला पार्षद सत्तू संगतपुरा, विक्रम कुंडू, मंजीत सैनी सहित दर्जनों कांग्रेसी नेता मौजूद थे। हुड्डा ने सधे हुए शब्दों में कहा कि अगर भाजपा सरकार वास्तव में ईमानदार है, तो वह स्वर्ण जयंती कार्यक्रमों पर किये गए खर्च पर श्वेत पत्र जारी करें। किंतु भाजपा सरकार को खेने वाले मंत्री ऐसा कदापि भी नहीं करेंगे, क्योंकि पहले जहां 1700 करोड़ खर्च करने की घोषणा की थी, अब उनके वित्तमंत्री 125 करोड़ खर्च करने के दावे कर रहे है।
– संजय शर्मा


Download Android App
Download iOS App



