चंडीगढ़ : राफेल डील पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद राहत की सांस लेने वाली मोदी सरकार पर कांग्रेस ने एक बार फिर से मजबूती से प्रहार किया और उसे दोबारा सुप्रीम कोर्ट जाने पर मजबूर कर दिया। दरअसल, राफेल डील पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले और इस पर मचे सियासी घमासान के बीच मोदी सरकार सुप्रीम कोर्ट पहुंची और अपने हलफनामे में तथ्यात्मक गलती को माना है। इसी बीच पंचकूला में हरियाणा भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राफेल अटैक से बचने के लिए पहले ही कांग्रेस को घेरने की कोशिश की है।
पंचकूला में उन्होने कांग्रेस और उनके नेताओं पर तीखे हमले किये। इस दौरान उन्होने कहा कि नागर बैंक घोटाला इंदिरा गांधी जी के समय हुआ, बोफ़ोर्स घोटाला राजीव जी के वक्त हुआ इसके बाद यूरिया और अगस्ता जैसे बड़े घोटाले यूपीए के कार्यकाल में हुए हैं, वहीं 2 जी, 3 जी और कोयले घोटाले इनकी सरकारों में हुए हैं।
बराला ने कहा कि राफेल घोटाले के आरोप कांग्रेस नेताओं ने बीजेपी पर लगाए थे, लेकिन उसके बाद कुछ लोग सुप्रीम कोर्ट गए लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने सरकार को क्लीन चिट दे दी है। उन्होने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का फैसला कांग्रेस के मुंह पर तमाचा है। सुभाष बराला ने कहा कि राफेल मामले में पूरी प्रक्रिया पारदर्शी है और इसमें किसी प्रकार की कोई अनियमितताएं नहीं है, लेकिन कांग्रेस ने अपना झूठ छुपाने के लिए साजिश रची है और लोगों को भ्रमित करने की कोशिश की है।
इसके अलावा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि केजरीवाल को दिल्ली की जनता दिल्ली में ढंूढ रही पर वह हरियाणा में अपनी राजनीति कर रहे है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि दिल्ली की जनता के बेसहारा छोडकऱ आम आदमी पार्टी के नेता हरियाणा में सपने बेचने के लिए चक्कर काट रहे हैं।
यह दिल्ली की जनता के साथ धोखा है। केजरीवाल हरियाणा के लोगों को भी धोखा देने की कोशिश कर रहे हैं। सुभाष बराला ने कहा कि दिल्ली की जनता अपने मुख्यमंत्री को ढूंढ रही है, ताकि वह उनकी समस्याओं का समाधान कर सकें। लेकिन, केजरीवाल हरियाणा में सपने बेचने में व्यस्त हैं। इससे दिल्ली के लोग परेशान हैं और आप के खिलाफ उनमें आक्रोश बढ़ रहा है।
(आहूजा)


Download Android App
Download iOS App



