हरियाणा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मंगलवार को अपने समर्थक नेताओं के साथ बैठक की जिसमें इन नेताओं ने उन्हें आगामी विधानसभा चुनाव के संदर्भ में आगे का निर्णय लेने के लिए अधिकृत किया। सूत्रों के अनुसार हाल ही में हुड्डा द्वारा गठित समिति के सदस्य एक-एक करके पूर्व मुख्यमंत्री से मिले और राज्य में पार्टी की स्थिति के बारे में उन्हें जानकारी दी। इस समिति में 30 से अधिक सदस्य हैं।
पिछले दिनों रोहतक की रैली के बाद हुड्डा ने इस समिति का गठन किया था। उनके समर्थकों का कहना था कि इस समिति की रिपोर्ट के आधार पर हुड्डा आगे का फैसला करेंगे। दरअसल, हरियाणा कांग्रेस में अंदरूनी कलह खासकर हुड्डा एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक तंवर के बीच टकराव की खबरें लंबे समय से आ रही हैं।
नोएडा में मेट्रो ट्रेन के सामने कूद कर एक व्यक्ति ने की खुदकुशी, ब्लू लाइन सेवा कुछ देर के लिए हुई बाधित
हाल ही में ऐसी खबरें आई थीं कि हुड्डा पार्टी नेतृत्व से नाराज हैं और अलग होने का रास्ता भी चुन सकते हैं। नाराजगी की अटकलों के बीच ही गत 29 अगस्त को हुड्डा ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद ऐसी खबरें आई थीं कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष को बदला जा सकता है और टिकट बंटवारे में हुड्डा की भूमिका सुनिश्चित की जा सकती है।
हुड्डा समर्थकों का कहना है कि वे इस संदर्भ में पार्टी नेतृत्व के फैसले के लिए प्रतीक्षारत हैं। सूत्रों के मुताबिक हुड्डा द्वारा गठित समिति के कई सदस्यों ने हरियाणा में जमीनी स्तर पर कांग्रेस के संगठन की गैर मौजूदगी को लेकर चिंता जताई है।


Download Android App
Download iOS App



