हरियाणा में BJP को गोपाल कांडा के समर्थन को लेकर सुष्मिता देव ने अमित शाह को लिखा पत्र

Summary :

सुष्मिता देव ने शुक्रवार को बीजेपी अध्यक्ष एवं गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर कहा कि कांडा के खिलाफ बलात्कार, आत्महत्या के लिए उकसाने और आपराधिक साजिश रचने जैसे संगीन आरोप लगे थे।

महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुष्मिता देव ने हरियाणा के बहुचर्चित गीतिका शर्मा हत्याकांड के आरोपी एवं नवनिर्वाचित निर्दलीय विधायक गोपाल कांडा के सहयोग से सरकार बनाने की पहल करने पर बीजेपी की आलोचना करते हुए कहा है कि देश की बेटियां मूकदर्शक बन कर नहीं रहेंगी। 
सुष्मिता देव ने शुक्रवार को बीजेपी अध्यक्ष एवं गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर कहा कि कांडा के खिलाफ बलात्कार, आत्महत्या के लिए उकसाने और आपराधिक साजिश रचने जैसे संगीन आरोप लगे थे। ऐसे व्यक्ति के समर्थन से सरकार बनाना बीजेपी की सत्ता लोलुपता का सबूत है। 

हरियाणा में खरीद फरोख्त कर सरकार बना रही भाजपा : कांग्रेस

उन्होंने कहा, ‘‘जिस पार्टी ने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का नारा दिया और वह भी हरियाणा की भूमि से आज वही पार्टी बेटियों का शोषण करने वाले की ताजपोशी कर रही है। यह सत्ता लोलुपता दुर्भाग्यपूर्ण है।’’ देव ने कहा कि देश की बेटियां देख रही हैं कि आपके (अमित शाह) लिए सत्ता और महिला सुरक्षा में से क्या महत्वपूर्ण है। 
उन्होंने इसकी निंदा करते हुए कहा कि देश की बेटियां मूकदर्शक नहीं रहेंगी और समय आने पर माकूल जवाब देंगी। उल्लेखनीय है कि हरियाणा में बहुमत के आंकड़े से छह अंक दूर रही बीजेपी ने निर्दलीय विधायकों के समर्थन से सरकार के गठन की पहल की है। निर्दलीय विधायक कांडा ने बीजेपी को सरकार बनाने में अपना समर्थन देने की पेशकश की है। 

Desk Team