घरौंडा : इनेलो के प्रधान महासचिव व ऐलनाबाद से विधायक अभय चौटाला ने कहा है कि भाजपा ने देश की जनता को देश की सुरक्षा का डर दिखाकर वोट ऐंठने का काम किया है। भाजपा सरकार ने किसान, मजदूर व व्यापारी ओर कर्मचारी विरोधी होने का परिचय इस बजट से दिया है। वे शनिवार सांय घरौंडा में घरौंडा की पूर्व विधायिका रेखा राणा की ओर से आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर इनेलो कार्यकर्ताओं को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी में प्रथम पंक्ति में बैठने वाले जो नेता पार्टी छोड गए हैं, वे अब ये सोचे कि अब वे कहां बैठेंगे।
इस अवसर पर अभय चौटाला ने कहा कि इससे पहले भी इनेलो पर 1987 के बाद बुरा समय आया था, लेकिन वर्ष 2000 में इनेलो ने दोबारा से प्रदेश में सरकार बनाकर अपना मजबूत जनाधार दिखा दिया था। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश ही नहीं बल्कि देश से कांग्रेस समाप्त हो चुकी है। ऐसे में प्रदेश में इनेलो जनता के बीच जाकर लोगों को सरकार की जनविरोधी नितियों से अवगत कराएंगे। वे स्वयं प्रदेश की सभी 90 विधानसभा सीटों पर जाएंगे व लोगों के बीच अपनी बात रखेंगे। अभय चौटाला ने कहा कि इनेलो किसी के पास कभी गठबंधन के लिए नहीं जाती।
आने वाले एक महीने में इनेलो इतनी मेहनत करेगी कि दूसरे दल स्वयं चलकर इनेलो के पास आएंगे। अभय चौटाला ने भाजपा सरकार पर विकास की बजाए झूठ की राजनीति का आरोप लगाया। इस अवसर पर पूर्व विधायिका रेखा राणा, इनेलो प्रदेश अध्यक्ष बी.एस.डालिया, युवा प्रदेश महासचिव मनिन्द्र राणा, फूल सिंह मंजूरा, बबलू जैणी, पूर्व विधायक मामू राम गोंदर, जिला अध्यक्ष यशवीर राणा, युवा जिला अध्यक्ष सुरजीत संधू, सुमेर पनौड़ी, मन्नू कश्यप,निरंजन गगसीना, राधा राणा,जगदीश पुंडरी सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Download Android App
Download iOS App



