भाजपा को कर दिया था 2 साल पहले बाय-बाय : सैनी

Summary :

सैनी ने कहा कि उन्होंने भारतीय जनता पार्टी को 2 साल पहले ही बाय-बाय कर दिया था। अब देखना है कि भाजपा उन्हें कब अलविदा कहती है।

नीलोखेड़ी : लोकतंत्र सुरक्षा मंच के सुप्रीमो राजकुमार सैनी ने कहा है कि उन्होंने भारतीय जनता पार्टी को 2 साल पहले ही बाय-बाय कर दिया था। अब देखना है कि भाजपा उन्हें कब अलविदा कहती है। उन्होंने कहा कि यशपाल मलिक प्रदेश और देश को फिर से गुलाम बनाना चाहता है। उसके मनसूबों को हम सफल नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में 10 प्रतिशत लोगों का 52 प्रतिशत से अधिक नौकरियों पर कब्जा है। यह सब पिछले 5 पूर्व मुख्यमंत्रियों की देन है। वह नीलोखेड़ी के एक रेस्टोरेंट में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को सफलता का मूल मंत्र दिया।

उन्होंने बताया कि वह देश में सभी को एक साथ मिलजुलकर रहते देखना चाहते है। इसके लिए वह चाहते है कि सभी में भाईचारा हो। सांसद राजकुमार सैनी ने कहा कि वह आने वाले समय में यदि सत्ता में आए तो कम से कम हर परिवार के एक सदस्य को जरूर नौकरी देंगे। इसके साथ ही वह 100 प्रतिशत आरक्षण लागू करेंगे। जिससे कि सभी को उनका हक मिले। सैनी ने एक सवाल के जवाब में बताया कि रोहतक में उनकी सभा को विफल करने के लिए एक वर्ग विशेष के लोग उन्हें प्रताडि़त कर रहे है।

यह वह होने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि यशपाल सिंह को यूपी में तो कोई पूछता नहीं है। अब हरियाणा में अपना वर्चस्व स्थापित करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि धारा-144 के बाद भी वह कैसे भडकाऊ भाषण दे सकता है। उसने 15 और 16 अगस्त को जो आन्दोलन की घोषणा की है। उससे राष्ट्र विरोध की बू आती है। ऐसे लोगों के खिलाफ सरकार को कार्रवाई करनी चाहिए।

अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहाँ क्लिक  करें।

– विजय गुलाटी

Desk Team