विधायक ने नाले के निर्माण कार्य का किया निरीक्षण - Latest News In Hindi, Breaking News In Hindi, ताजा ख़बरें, Daily News In Hindi

विधायक ने नाले के निर्माण कार्य का किया निरीक्षण

NULL

बल्लभगढ़: स्थानीय विधायक मूलचंद शर्मा ने शुक्रवार को तिगांव मार्ग पर बनाए जा रहे नाले के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को अच्छी निर्माण सामग्री लगाने और कार्य को समय पर पूरा करने के लिए कहा है। जिससे बरसात के मौसम में लोगों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। बता दें कि राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के पास तिगांव मार्ग काफी संकरा था। मार्ग को चार लेन सीमेंटेड बनाने के लिए विद्यालय की चारदीवारी को तोड़ कर दोबारा से बनाया जाना था। ये मामला लोकनिर्माण विभाग और शिक्षा विभाग के बीच अटका हुआ था। इन दोनों विभागों के बीच मामला सुलझ जाए, इसे ध्यान में रखते हुए विधायक मूलचंद शर्मा ने छह फरवरी-2016 को अनाज मंडी में आयोजित प्रगति रैली में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के सामने यह मामला रखा था।

विधायक शर्मा ने मुख्यमंत्री से तिगांव मार्ग को सीमेंटेड बनाने, कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की चारदीवारी बनाने, शौचालय और एक कमरा बनाने की मांग की थी। मुख्यमंत्री ने विधायक की मांग को तुरंत मंजूर कर दिया था। इस मांग के मुताबिक मार्ग को 7 करोड़ रुपये की लागत से सीमेंटेड बनाया जा रहा है और निर्माण कार्य चल रहा है। तिगांव मार्ग को चौड़ा करने के लिए कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की चारदीवारी को तोड़ कर चौड़ा कर दिया गया। अब कन्या वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल की चारदीवारी, नाला, स्कूल में कन्याओं के लिए शौचालय और नया कमरा बनाने का काम चल रहा है। इन कार्यों में निर्माण सामग्री का उचित उपयोग हो रहा है या नहीं और निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है या नहीं ये देखने के लिए विधायक ने कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बल्लभगढ़ का दौरा किया और उन्होंने निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। विधायक ने निर्माण कार्यों में प्रयोग की जा रही सामग्री और गति से संतुष्टि जताई।

– सुरेश बंसल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

3 × 1 =

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।