जींद: इनैलो पार्टी के हिसार लोकसभा सीट से सांसद दुष्यंत चौटाला ने कहा कि किसानों के बैल के रूप में जोते जाने वाले ट्रैक्टर पर सरकार ने टोल लगाया है। इसको किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा। प्रदेश के किसान आर्थिक रूप से टूट चुके हैं। ट्रैक्टर के ऊपर टोल लगाकर सरकार किसानों के साथ बहुत बड़ा धोखा कर रही है। लेकिन सरकार की इस मंशा को किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा। आज प्रदेश के किसानों के ऊपर करोड़ों रूपए का कर्ज फसलों के उचित भाव नहीं मिलने के कारण और प्राकृतिक आपदाओं के कारण विभिन्न क्षेत्रों में फसल की हो रही बर्बादी के कारण खड़ा है। सरकार को किसानों के इस कर्ज को भी माफ करना चाहिए। यह बात शनिवार देर सायं सांसद दुष्यंत चौटाला ने पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही। इस अवसर पर विधायक परमेंद्र ढुल, पिरथी नंबरदार, बलदेव बाल्मिकी आदि मौजूद रहे।
सांसद ने कहा कि सरकार किसानों के पक्ष में न होकर किसानों को लूटने के लिए अनेकों तरह की साजिश रच रही है, लेकिन सरकार की किसानों को लूटने की मंशा को वह कभी भी सफल नहीं होने देंगे। अगर सरकार ने ट्रैक्टर पर लगाए गए टोल को जल्द वापस नहीं लिया तो वह प्रदेश के किसानों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि देश के उप प्रधानमंत्री देवीलाल के पद्चिन्हों पर चलते हुए वह किसानों के साथ खड़े हैं। सरकार प्रदेश में किसानों पर टैक्स लगाकर अतिरिक्त बोझ डाल रही है। चौटाला ने कहा कि सरकार को चाहिए कि किसानों को टै्रक्टर बिना ब्याज के और सब्सिडी पर दें, ताकि किसान अपने परिवार का पालन पोषण अच्छी तरह से कर सके। किसानों की प्रतिवर्ष जोत घट रही है। घटती हुई जोत के कारण वह मंहगी कीमत पर उपकरण नहीं खरीद सकता।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।
– संजय शर्मा


Download Android App
Download iOS App



