हिसार : हरियाणा पुलिस ने हिसार जिले के बरवाला शहर के वार्ड संख्या 14 में चार साल पहले पंकज नामक बच्चे का अपहरण कर उसे 25 हजार रुपए में बेचने के आरोप में खरकड़ा निवासी एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला की शिनाख्त सावित्री के रूप में की गयी है। उसकी निशानदेही पर बच्चे को रोहतक से बरामद किया गया।
पुलिस उपाधीक्षक जयपाल सिंह ने आज यहां बताया कि आरोपी महिला ने पूछताछ में बच्चे का अपहरण कर उसे बेचने की बात कबूल कर ली है। बरवाला थाना प्रभारी गौरव शर्मा के अनुसार सावित्री ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि 16 जून 2013 को जब पंकज घर के बाहर खेल रहा था तब उसने उसका अपहरण कर लिया था। उसके बाद वह और उसके साथी उसे रोहतक ले गए और किला मोहल्ले की बाला देवी को 25 हजार रुपए में बेच दिया। उन्होंने बताया कि खरीदार महिला के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
श्री शर्मा के अनुसार सावित्री के पति का निधन हो चुका है और उसने अपने तीन बालकों को रोहतक के अनाथ आश्रम में छोड़ रखा है। बाला देवी के पति और इकलौते बेटे का भी निधन हो चुका है। बाला देवी ने पुलिस को बताया कि उसने पंकज को अपने बेटे की तरह प्यार दिया है। उसे अच्छे स्कूल में पढ़ाया है और कभी किसी चीज की कमी नहीं होने दी। उसने कहा कि सावित्री ने उसे बताया था कि यह बच्चा उसका है और आर्थिक तंगी में उसे बेच रही है। यदि उसे पता होता कि बच्चा चोरी का है तो वह कभी नहीं लेती। उधर पंकज ने भी सुश्री बाला देवी के साथ ही जाने की इच्छा जताई है।


Download Android App
Download iOS App



