प्रवर्तन निदेशालय ने (ईडी) आईएमए समूह पोंजी घोटाले में कर्नाटक के मंत्री बी ज़ेड ज़मीर अहमद खान को उसके सामने पेश होने के लिए नोटिस जारी किया है।
एजेंसी के एक अधिकारी ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘‘ हमने ज़मीर अहमद खान को नोटिस दिया है। हमने उन्हें हमारे सामने पेश होने के लिए एक हफ्ते का वक्त दिया है।’’
प्रवर्तन निदेशालय ने हाल में आईएमए समूह की कंपनियों और इसके फरार प्रबंध निदेशक मोहम्मद मंसूर खान के खिलाफ धन शोधन का मामला दर्ज किया है। इस तरह की खबरें हैं कि मंसूर खान 40,000 निवेशकों का करोड़ों रुपया लेकर भूमिगत हो गया है।
ज़मीर अहमद खान ने माना कि ईडी के अधिकारियों ने उन्हें नोटिस दिया है और पांच जुलाई तक मोहम्मद मंसूर खान को संपत्ति बेचने का विवरण प्रस्तुत करने को कहा है।
मंत्री ने कहा, ‘‘ जी हां, ईडी के अधिकारियों ने समन जारी किया है। उन्होंने मुझे विवरण प्रस्तुत करने को कहा है। दो लोग आए थे।’’
मंत्री ने कहा, ‘‘ उन्होंने मुझसे पांच जुलाई तक उस संपत्ति के बारे में विवरण देने को कहा है जो मैंने (मंसूर खान को) को बेची थी।’’
ईडी ने कथित पोंजी घोटाले में धनशोधन की जांच के तहत शुक्रवार को आईएमए ज्वेल्स की 209 करोड़ रुपये की संपत्ति को कुर्क कर लिया था।


Download Android App
Download iOS App



