प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समयाभाव के कारण यहां खेलो इंडिया गेम्स के शुभारंभ की घोषणा करने 10 जनवरी को नहीं आएंगे।
भाजपा की असम इकाई के प्रवक्ता दीवान ध्रुब ज्योति मराल ने बुधवार को कहा, ‘यह दौरा रद्द हो गया है।’ मराला ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री से संपर्क किया था, लेकिन दौरा संभव नहीं हो पाया है, क्योंकि मोदी के पास समय नहीं है।
उन्होंने कहा, ‘राज्य सरकार ने उनसे संपर्क किया, लेकिन वह समय नहीं निकाल सके।’
राज्य के वित्तमंत्री हिमांता बिस्व सरमा ने हालांकि कहा कि राज्य सरकार को प्रधानमंत्री का कोई कार्यक्रम नहीं प्राप्त हुआ है।
सरमा ने कहा, ‘हमें प्रधानमंत्री का कोई कार्यक्रम नहीं मिला था। इसलिए जब पहले दौरा तय ही नहीं था, फिर रद्द कैसे हो सकता है?’
प्रधानमंत्री के गुवाहाटी आने की खबर ऐसे समय में आई थी, जब नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ विरोध प्रदर्शन चल रहा है।
नए नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शन की अगुआई कर रहे ऑल स्टूडेंट्स यूनियन (एएएसयू) ने मोदी के यहां आगमन की स्थिति में बड़े विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी थी।


Download Android App
Download iOS App



