महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने मंगलवार को कहा कि राज्यसभा में तीन तलाक विधेयक का पारित होना लाखों मुसलमान महिलाओं की जीत है। उन्होंने इसे सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास का ‘‘वास्तविक साक्ष्य’’ करार दिया।
राज्यसभा ने मंगलवार को यह विधेयक पारित कर दिया। इससे अब देश में फौरी तीन तलाक को अपराध का दर्जा मिल सकेगा।
ईरानी ने कहा कि मुस्लिम महिला (विवाह अधिकार संरक्षण) विधेयक का पारित होना लाखों मुसलमान महिलाओं की जीत है।
केंद्रीय मंत्री ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘वास्तव में लाखों मुसलमान महिलाओं की जीत, सामने आकर इस सामाजिक क्रांति का नेतृत्व करने पर नरेंद्र मोदी जी का बहुत धन्यवाद। ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ का एक वास्तविक साक्ष्य।’’
गौरतलब है कि ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दिया हुआ नारा है।
मंगलवार को राष्ट्रीय महिला आयोग की प्रमुख रेखा शर्मा ने कहा कि तीन तलाक विधेयक का पारित होना मुसलमान महिलाओं को लैंगिक समानता प्रदान करेगा।
विधेयक में तीन तलाक का अपराध सिद्ध होने पर संबंधित पति को तीन साल तक की जेल का प्रावधान किया गया है।


Download Android App
Download iOS App



