मोदी सरकार ने आम लोगों की बचत पर चपत लगाई : पवन खेड़ा

Summary :

पार्टी प्रवक्ता पवन खेड़ा ने सरकार से ब्याज में कटौती वापस लेने की मांग करते हुए यह भी कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को संसद में भी उठाएगी।

कांग्रेस ने शनिवार को आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने दूसरा कार्यभार संभालने के साथ ही पीपीएफ और आम लोगों की दूसरी घरेलू बचत पर ब्याज घटा कर चपत लगाने का काम किया है। पार्टी प्रवक्ता पवन खेड़ा ने सरकार से ब्याज में कटौती वापस लेने की मांग करते हुए यह भी कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को संसद में भी उठाएगी। 
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ”जनता ने भाजपा को लोकसभा चुनाव में बड़ी जीत दिलाई, लेकिन उसने दोबारा सत्ता में आते ही आम लोगों की घरेलू बचत पर ब्याज में कटौती कर दी।” खेड़ा ने दावा किया, ” संप्रग सरकार के समय एक साल की जमा पर 8.4 फीसदी का ब्याज था जो अब घटाकर 6.9 फीसदी कर दिया गया है।
इसी तरह पीपीएफ पर 8.7 फीसदी ब्याज मिलता था जो अब 7.9 फीसदी हो गया है। आम लोगों की दूसरी बचत में भी कटौती की की गई है।” उन्होंने कहा, ”हम पूछना चाहते हैं कि अपने आम आदमी की बचत पर चपत क्यों लगाई है?” उन्होंने कहा, ”हमारी मांग है कि आम लोगों की बचत पर सरकार ने जो चपत लगाई है उसे वापस ले। हम इस मुद्दे को संसद में भी उठाएंगे।” 

Desk Team