लोकसभा की बेहतर उत्पादकता के लिये स्पीकर ने सदस्यों को बधाई दी

Summary :

सत्रहवीं लोकसभा के पहले सत्र की उत्पादकता 128 प्रतिशत रही जो 20 वर्षों के दौरान आहूत किसी भी सत्र के मुकाबले सबसे ज्यादा है।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने सत्रहवीं लोकसभा के पहले सत्र की बेहतर उत्पादकता के लिये सदस्यों को बधाई दी । इसके बारे में एक रिपोर्ट में कहा गया है कि 20 वर्षों के दौरान आहूत किसी भी सत्र के मुकाबले यह सबसे ज्यादा है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने बृहस्पतिवार को वित्त विधेयक पारित होने के बाद सदन की उत्पादकता एवं कार्यो का जिक्र किया और सदस्यों को बधाई दी। 
उन्होंने कहा कि सदन में आम बजट पर 17 घंटे 23 मिनट की चर्चा हुई। अनुदान की मांगों के तहत रेल मंत्रालय के नियंत्राणाधीन अनुदान की मांगों पर 13 घंटे चर्चा हुई, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के नियंत्राणाधीन अनुदान की मांगों पर सात घंटे 44 मिनट चर्चा हुई। 
अध्यक्ष ने कहा कि ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्रालय के नियंत्राणाधीन अनुदान की मांगों पर 10 घंटे 36 मिनट चर्चा हुई और युवा मामलों में लगभग चार घंटे चर्चा हुई। 
उन्होंने कहा कि वह चर्चा में भाग लेने के लिए सभी सदस्यों को बधाई देते हैं। गौरतलब है कि सत्रहवीं लोकसभा के पहले सत्र की उत्पादकता 128 प्रतिशत रही जो 20 वर्षों के दौरान आहूत किसी भी सत्र के मुकाबले सबसे ज्यादा है। संसदीय मामलों पर अध्ययन करने वाली संस्था पीआरएस लेजिस्लेटिव रिसर्च के जारी आंकड़ों में यह बात सामने आई है। 
बहरहाल, निचले सदन में पिछले कुछ दिनों से महत्वपूर्ण वित्तीय एवं विधायी कामकाज के कारण शून्यकाल नहीं हो सका था । ऐसे में लोकसभा अध्यक्ष ने वित्त विधेयक पारित होने के बाद करीब छह बजे शून्यकाल शुरू किया। इसमें 100 से अधिक सदस्यों के नाम सूचीबद्ध थे । 

Desk Team