विमान हादसे में अजित पवार की मौत से बढ़ी राजनीतिक हलचल, खड़गे बोले- जांच होना जरूरी

Summary :

नई दिल्ली, 28 जनवरी (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान हादसे में हुए अचानक निधन से पूरे देश की राजनीति में भूचाल आ गया है। इस दुखद घटना ने ना सिर्फ उनके परिवार और समर्थकों को स्तब्ध कर दिया है, बल्कि राजनीतिक गलियारों में भी चिंता और सवालों की लहर दौड़ा दी है। उनके निधन पर नेताओं ने शोक व्यक्त करने के साथ ही हादसे की जांच की भी मांग शुरू कर दी है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इस घटना को बेहद दुखद बताया। उन्होंने कहा कि अजित पवार का देहांत प्रीमेच्योर यानी समय से पहले हुआ…

नई दिल्ली, 28 जनवरी (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान हादसे में हुए अचानक निधन से पूरे देश की राजनीति में भूचाल आ गया है। इस दुखद घटना ने ना सिर्फ उनके परिवार और समर्थकों को स्तब्ध कर दिया है, बल्कि राजनीतिक गलियारों में भी चिंता और सवालों की लहर दौड़ा दी है। उनके निधन पर नेताओं ने शोक व्यक्त करने के साथ ही हादसे की जांच की भी मांग शुरू कर दी है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इस घटना को बेहद दुखद बताया। उन्होंने कहा कि अजित पवार का देहांत प्रीमेच्योर यानी समय से पहले हुआ और यह उन लोगों के लिए एक बड़ा आघात है जो उनके साथ काम करते थे। खड़गे ने कहा कि उनके परिवार वालों को यह दुख सहन करने की शक्ति मिले, यही हम सभी प्रार्थना कर सकते हैं।

उन्होंने जोर देकर कहा कि इस हादसे की जांच होना जरूरी है क्योंकि यह एक अननैचुरल एक्सीडेंट है। उन्होंने सवाल उठाया कि इतने छोटे प्लेन में ऐसा हादसा क्यों हुआ, जबकि सुरक्षा के लिहाज से ये ज्यादा सुरक्षित माने जाते हैं।

समाजवादी पार्टी के सांसद वीरेंद्र सिंह ने भी हादसे को दुर्भाग्यपूर्ण और दुखद बताया। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में इस तरह की घटनाएं लगातार क्यों हो रही हैं, यह चिंता का विषय है। उन्होंने सुझाव दिया कि सरकार को इस मामले पर गहन ध्यान देना चाहिए और जांच कराना जरूरी है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि सुरक्षा और जीवन से जुड़ा मामला है।

पूर्व सपा सांसद डॉ. एसटी हसन ने कहा कि अजित पवार देश के बड़े नेताओं में से एक थे और महाराष्ट्र की राजनीति में उनका योगदान अमूल्य था। उन्होंने कहा कि इस दुख में समाजवादी पार्टी उनके परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि इस हादसे में किसी तरह की साजिश हुई हो तो जांच कर उसे सामने लाया जाना चाहिए। अगर ऐसा कुछ नहीं पाया गया तो इसे एक दुर्भाग्यपूर्ण एक्सीडेंट ही माना जाएगा।

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि हर प्लेन क्रैश के अलग-अलग कारण हो सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस हादसे में क्या हुआ, यह तुरंत कहना मुश्किल है। जांच के बाद ही पता चलेगा कि कोई टेक्निकल खराबी थी, खराब मौसम का असर था या कोई और वजह थी। उन्होंने कहा कि मौत तो मौत होती है और इसे केवल भगवान ही जानते हैं। उन्होंने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि जो लोग इस विमान में इस दुनिया से चले गए, उनका वक्त यहीं खत्म हो गया।

–आईएएनएस

पीआईएम/एबीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.