संसद भवन में ‘एक देश एक चुनाव’ पर सर्वदलीय बैठक शुरू

Summary :

बैठक में गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, जदयू के अध्यक्ष नीतीश कुमार, आरपीआई अध्यक्ष रामदास अठावले और अपना दल अध्यक्ष आशीष पटेल भी शामिल हुए।

लोकसभा चुनाव के साथ ही सभी राज्यों की विधानसभाओं के चुनाव कराने सहित अन्य मुद्दों पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा संसद भवन परिसर में बुधवार को बुलायी गई सर्वदलीय बैठक शुरू हो चुकी है। बैठक में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी ने हिस्सा नहीं लिया। 
संसद में प्रतिनिधित्व रखने वाले सभी राजनीतिक दलों के अध्यक्षों को बैठक में बुलाया गया था। दोपहर बाद शुरू हुई बैठक में राजग के घटक दल शिवसेना के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे पार्टी का स्थापना दिवस होने के कारण शामिल नहीं हो सके। बैठक में मोदी के अलावा गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, जदयू के अध्यक्ष नीतीश कुमार, आरपीआई अध्यक्ष रामदास अठावले और अपना दल अध्यक्ष आशीष पटेल भी शामिल हुए। 
गैर राजग दलों में बीजद के अध्यक्ष नवीन पटनायक, एआईएमआईएम के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी, पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती, नेशनल कान्फ्रेंस अध्यक्ष फारुक अब्दुल्ला, माकपा के महासचिव सीताराम येचुरी, भाकपा के महासचिव एस सुधाकर रेड्डी, राकांपा अध्यक्ष शरद पवार और वाईएसआर कांग्रेस के अध्यक्ष जगन मोहन रेड्डी भी शामिल हुए। 

Desk Team