भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जे पी नड्डा ने शनिवार को कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल को समर्पित ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ सबके लिए प्रेरणा का स्रोत बन चुका है और यहां की यात्रा को आजाद ‘‘भारत के तीर्थाटन’’ के समान कहा जा सकता है।
नड्डा अपने दो दिन के दौरे के अंतिम दिन गुजरात के नर्मदा जिले में नर्मदा बांध के समीप एक टापू पर स्थित दुनिया की सबसे ऊंची मूर्ति को देखने गए। पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने के बाद भाजपा शासित गुजरात का यह उनका पहला दौरा है।
‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ की यात्रा के दौरान नड्डा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह (स्टैच्यू ऑफ यूनिटी की यात्रा) आजाद भारत का तीर्थस्थल बन चुका है। मुझे इसका सौभाग्य मिला। सरदार वल्लभभाई पटेल के आजाद भारत में योगदान के लिए मैं इसे भारत का तीर्थ मानता हूं।’’
उन्होंने कहा कि 565 छोटी-बड़ी रियासतों को एकजुट करने में पहले गृह मंत्री के रूप में पटेल की भूमिका के कारण भारत एक मजबूत देश बन सका।
उन्होंने कहा, ‘‘हम उनके बलिदान को नहीं भूल सकते। यह स्थान हम सबके लिए प्रेरणा का स्रोत है। यह हमें मजबूत भारत के निर्माण के लिए प्रधानमंत्री (नरेंद्र)मोदीजी के नेतृत्व में काम करने के लिए प्रेरित करता है।’’
नड्डा के साथ राज्य के मंत्री भूपेंद्रसिंह चूडासमा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जीतू वघानी और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी थे ।


Download Android App
Download iOS App



