वीर सावरकर की 137वीं जयंती आज, PM मोदी सहित BJP के तमाम दिग्गज नेताओं ने किया नमन

Summary :

वीर सावरकर भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के सेनानी और प्रखर राष्ट्रवादी नेता थे। आज उनकी 137वीं जयंती के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई बड़े नेताओं ने उन्हें नमन किया।

वीर सावरकर भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के सेनानी और प्रखर राष्ट्रवादी नेता थे। आज उनकी 137वीं जयंती के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई बड़े नेताओं ने उन्हें नमन किया। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर लिखा, ‘वीर सावरकर के साहस को उनकी जयंती पर नमन। हम उन्हें उनकी बहादुरी और दूसरों को आजादी के संघर्ष में योगदान के लिए प्रेरित करने तथा सामाजिक सुधार पर जोर के लिए याद करते हैं।’ 


गृह मंत्री अमित शाह ने उन्हें याद करते हुए लिखा, वीर सावरकर ने भारत की स्वतंत्रता के लिए अनेकों यातनायें सहीं। देश के लिए इतने कष्ट सहने वाला विश्व में सावरकर जैसा शायद ही कोई हो। उन्होंने अस्पृश्यता के खिलाफ भी लड़ाई लड़ी और मंदिरों में दलित समाज के प्रवेश के लिए संघर्ष किया। ऐसे महान राष्ट्रभक्त के चरणों में कोटि-कोटि नमन।


रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उन्हें याद करते हुए लिखा, ‘वीर सावरकर भारत माता के ऐसे सपूत थे जिन्होंने अदभुत जीवट और राष्ट्रप्रेम का परिचय देते हुए इस देश को आज़ाद कराने में बड़ी भूमिका निभाई। उन्होंने एक भारत और मज़बूत भारत की कल्पना की जिसे साकार करने का संकल्प हर भारतीय के मन में है। सावरकरजी की जयंती पर मैं उन्हें नमन करता हूँ!’


केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने लिखा, ‘सावरकर जी एक महान देशभक्त ,एक बहुत निराले साहित्यकार थे। भाषा शुद्धि का काम और समाज सुधारने के लिए उन्होंने नींव का पत्थर का काम किया है। सावरकर जी पीढ़ी दर पीढ़ी प्रेरणा देते रहेंगे। वीर सावरकर की जयंती पर उन्हें कोटि कोटि नमन।’

बीजेपी के वरिष्ठ प्रवक्ता संबित पात्रा ने लिखा, ‘वीर सावरकर के जीवन की व्याख्या करते हुए श्रद्धेय अटल जी ने कहा था..सावरकर जी को हम समझने का प्रयत्न करें, सावरकर जी की विचारधारा का विश्लेषण करें, सावरकर जी के चिंतन के बारे में हम अनुसन्धान करें, सावरकर जी के संदेश को हम घर-घर तक पहुंचने का प्रयास करें।’


उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीर सावरकर को याद करते हुए लिखा, ‘महान क्रांतिकारी, लेखक, दार्शनिक, देशभक्त साहित्यकार एवं प्रखर चिंतक वीर सावरकर जी की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। राष्ट्र के प्रति आपका प्रेम एवं समर्पण हम सभी के लिए और आने वाली पीढ़ियों के लिए सदा सर्वदा प्रेरणास्रोत रहेगा।’


28 मई सन् 1883 में मुंबई में जन्मे विनायक दामोदर सावरकर वीर सावरकर के नाम से जाने जाते है। सावरकर क्रांतिकारी होने के साथ लेखक, वकील और हिंदुत्व की विचारधारा के समर्थक थे। आंदोलन के दौरान अंग्रेजों ने उन्हें कालापानी की सजा दी थी। और  26 फरवरी 1966 को उनका निधन हो गया था।

Desk Team