महाराष्ट्र के पुणे में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। पुणे के कोंढवा में दीवार गिरने से 15 लोगों की मौत हो गई जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। मरने वालों में 4 बच्चे भी शामिल हैं। वही, मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका है। मौके पर एनडीआरएफ की टीम भी पहुंच गई है और राहत बचाव का काम जारी है।

फिलहाल तीन लोगों को मलबे में से निकाल लिया गया है। बताया जा रहा है कि बारिश की वजह से दीवार गिरी है। इलाके में इमारत की यह दीवार झुग्गियों पर गिरी है। दमकल विभाग के मुताबिक मरने वालों में 4 बच्चे भी शामिल हैं।
मरने वालों में ज्यादातर बिहार और बंगाल के मजदूर

वही, पुणे के जिला कलेक्टर नवल किशोर राम ने हादसे के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि ‘भारी बारिश के कारण दीवार गिरी। इस घटना के बाद शुरुआती जांच में कंस्ट्रक्शन कंपनी की गड़बड़ी सामने आ रही है। 15 लोगों की मौत छोटी घटना नहीं है। मरने वालों में ज्यादातर बिहार और बंगाल के मजदूर थे। प्रभावितों को सरकार मदद देगी।’
मामले में पुणे के पुलिस कमिश्नर ने दिया ये बयान

इसके अलावा कोंढवा में दीवार ढहने के मामले में पुणे के पुलिस कमिश्नर के. वेंकटेशम ने कहा कि हमारी टीम घटना के कारणों की जांच कर रही है। जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। हम जांच करेंगे कि क्या उचित अनुमति ली गई थी और सुरक्षा उपायों का पालन किया गया था।
चेंबूर में भी हुआ हादसा

शुक्रवार से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जमीन दरकने की भी खबरें आ रही हैं। वही, मुंबई में बारिश के कारण करंट लगने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई इलाकों में पेड़ गिरने से लोग घायल हो गए। ऐसी ही एक खबर मुंबई के चेंबूर से आई जहां ऑटो रिक्शा पर एक दीवार गिर गई। घटना 2 बजे रात की है। मलबा हटा लिया गया है। इसमें किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
आपको बता दें कि मुंबई, पुणे और आसपास के इलाके में शुक्रवार से ही लगातार तेज बारिश हो रही है। बारिश इतनी तेज है जिसकी वजह से सड़कों पर जल सैलाब देखने को मिल रहा है। वही, बारिश की वजह से ही यह इमारत गिरी है और इतना बड़ा हादसा हुआ है।


Download Android App
Download iOS App



