पिछले 7 साल में भारत लाए गए 274 भगोड़े, 17 हजार करोड़ की संपत्ति कुर्क; जानें किस जुर्म के कितने आरोपी

Summary :

गृह मंत्रालय के अनुसार, 2019 से 2026 के बीच भारत ने 36 देशों से 274 भगोड़ों का प्रत्यर्पण कराया। इनमें आतंकी, गैंगस्टर और पॉक्सो के आरोपी शामिल हैं, जबकि हजारों करोड़ की संपत्तियां कुर्क की गईं।

India Extradition of Fugitives

India Extradition of Fugitives : केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मंगलवार को विदेशों में रह रहे अपराधियों को भारत लाए आंकड़ों को जारी किया है। आंकड़े जारी करते हुए मंत्रालय द्वारा बताया गया कि साल 2019 से 2026 के बीच यानि 7 सालों में भारत ने दुनिया के 36 देशों से 274 भगोड़ों को सफलतापूर्वक वापस लाया गया। वापस लाए गए इन अपराधियों में आतंकवादी, गैंगस्टर, वित्तीय धोखाधड़ी के आरोपी, नशे के सौदागर और हत्या, दुष्कर्म व पॉक्सो (POCSO) जैसे गंभीर मामलों के वांछित शामिल हैं।

इसके साथ ही सरकार ने मनी लॉन्ड्रिंग के तहत कार्रवाई करते हुए इन भगोड़ों की करीब 17,874 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क की हैं। वहीं, भारत से भागने वाले आर्थिक अपराधियों के मामलों में 18,762 करोड़ रुपये की राशि भी वापस हासिल की जा चुकी है।

रेड कॉर्नर नोटिस में रिकॉर्ड तेजी

MHA के अनुसार, इंटरनेशनल लेवल पर अपराधियों को ट्रेस करने और उन्हें भारत लाने के लिए इंटरपोल के रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने में पिछले कुछ वर्षों में काफी तेजी आई है। पिछले तीन वर्षों में कुल 501 भगोड़ों के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किए गए।

  • 2022: 40 रेड कॉर्नर नोटिस

  • 2023: 100 रेड कॉर्नर नोटिस

  • 2024: 107 रेड कॉर्नर नोटिस

  • 2025: 112 रेड कॉर्नर नोटिस

  • 2026 (अब तक): 182 रेड कॉर्नर नोटिस

साल-दर-साल आंकड़ों पर नजर डालें तो 2019 में 9, 2020 में 7, 2021 में 23, 2022 में 40, 2023 में 37, 2024 में 43, 2025 में रिकॉर्ड 70 और इस साल (2026) जुलाई तक 45 भगोड़ों को वापस लाया जा चुका है।

किस अपराध में कितने भगोड़े पकड़े गए?

भारत वापस लाए गए 274 भगोड़ों की कैटेगरी कुछ इस तरह है –

  • हत्या, डकैती और हिंसक अपराध: 62 आरोपी

  • यौन अपराध, दुष्कर्म और पॉक्सो (POCSO): 53 आरोपी

  • संगठित अपराध, गैंगस्टर और रंगदारी: 42 आरोपी

  • मानव तस्करी और अपहरण: 18 आरोपी

  • आतंकी, देश विरोधी गतिविधि और नारको-टेरर: 17 आरोपी

  • ड्रग्स, एनडीपीएस (NDPS) व नशीले पदार्थ: 16 आरोपी

  • तस्करी, फर्जी नोट (FICN) व साइबर क्राइम: 12 आरोपी

  • वित्तीय धोखाधड़ी और आर्थिक अपराध: 9 आरोपी

  • अन्य आपराधिक मामले: 45 आरोपी

यह भी पढ़ें – थाईलैंड से दिल्ली आ रही Air India फ्लाइट में भयानक टर्बुलेंस, कई यात्रियों को लगी चोट

Rohit Singh

रोहित सिंह पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, समाज, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और शैक्षणिक लेख लिखने में दिलचस्पी रखते हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से पोलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन और जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं।