चिन्नास्वामी स्टेडियम में आरसीबी की विजय परेड के दौरान फैली अफवाह से गेट नंबर 7 पर भगदड़ मच गई, जिसमें 11 लोगों की जान चली गई। फ्री टिकट की अफवाह से हजारों लोग गेट पर उमड़ पड़े जिससे अव्यवस्था हो गई। मुख्यमंत्री ने मामले की न्यायिक जांच के आदेश दिए और मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की घोषणा की।
बीते बुधवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की जीत की खुशी मातम में बदल गई। बेंगलुरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम में आरसीबी की विजय परेड में शाम भगदड़ मचने के कारण 11 लोगों की जान चली गई। आईपीएल में आरसीबी की पहली जीत का जश्न मनाने के लिए लाखों फैंस वहां पहुंचे। फैंस की भीड़ काबू से बाहर हो गई और अचानक भगदड़ मच गई,जिसमें कई लोग घायल भी हुए हैं। हालांकि भगदड़ का कारण अभी सामन नहीं आया है, लेकिन कहा जा रहा है कि स्टेडियम में एक अफवाह फैली जिस कारण गेट नंबर सात पर अचानक भीड़ उमड़ पड़ी और देखते ही देखते यह हादसा हो गया।
अफवाह फैलने से मची भगदड़
कहा जा रहा है कि स्टेडियम के मुख्य प्रवेश द्वार गेट नंबर 7 पर अचानक भीड़ उमड़ पड़ी क्योंकि यह अफवाह फैल गई थी कि वहां फ्री टिकट बांटे जाएंगे। यही अफवाह 11 लोगों की मौत का कारण बन गई। अफवाह के कारण कुछ ही देर में मेन गेट के पास अव्यवस्था हो गई। लोग फ्री टिकट पाने के लिए पागलों की तरह एक -दूसरे पर गिर पड़े। इस क्रिकेट स्टेडियम में 13 गेट के साथ 21 स्टैंड हैं। गेट 9 और 10 राज्य क्रिकेट संघ के सदस्यों के लिए आरक्षित थे, जबकि गेट 5, 6, 7, 19 और 20 – जिन्हें टीम के मेन एंट्री मार्ग के लिए खोला गया था, उन पर सबसे ज़्यादा भीड़ देखी गई। जबकि गेट नंबर 7 पर सबसे ज़्यादा लोग हताहत हुए।
न्यायिक जांच के आदेश दिए
दूसरी ओर, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा कि लोगों की भीड़ ने गेट तोड़ दिए, जिसके कारण चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। शिवकुमार ने कहा, “लोगों की भीड़ ने गेट तोड़ दिए। मुझे लगता है कि बड़े पैमाने पर भगदड़ मची। मैंने पुलिस कमिश्नर और अधिकारियों से बात की है। हम इस दुर्घटना पर नज़र बनाए हुए हैं, और सभी से शांत रहने की अपील करते हैं।”
सीएम ने किया मुआवजे का ऐलान
इस बीच, राज्य के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा, “चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 33 लोग घायल हो गए। यहां 2-3 लाख से ज़्यादा लोग जमा हुए थे, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी।” उन्होंने यह भी कहा कि स्टेडियम की क्षमता सिर्फ़ 35,000 दर्शकों की थी। उन्होंने मामले की न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं और मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये मुआवजा देने की भी घोषणा की है।
चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़, अब तक 11 की मौत, कई घायल


Download Android App
Download iOS App




