कोलकाता, 4 नवंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के डायमंड हार्बर क्षेत्र में पुलिस ने बुधवार को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के एक पार्टी कार्यालय से 1 करोड़ 2 लाख 79 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, यह नकदी सरिशा स्थित तृणमूल कांग्रेस के पार्टी कार्यालय से बरामद की गई। डायमंड हार्बर पुलिस के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (जोनल) अभिषेक मजूमदार ने बताया कि यह बरामदगी सुमित रॉय से पूछताछ के बाद मिले सुरागों के आधार पर की गई।
सुमित रॉय तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी के कार्यकारी सहायक बताए जाते हैं।
पुलिस के मुताबिक, सुमित रॉय को इस वर्ष पश्चिम मिदनापुर जिले के सालबोनी में कथित अवैध जमीन कब्जाने के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद उन पर डायमंड हार्बर में जमीन चोरी के एक अन्य मामले में भी आरोप लगे, जिसके सिलसिले में पिछले सप्ताह उन्हें पुलिस हिरासत में लिया गया था।
अभिषेक मजूमदार ने बताया कि सुमित रॉय फिलहाल डायमंड हार्बर पुलिस जिले के कालीतला-आशुति थाने में दर्ज एक मामले में पुलिस हिरासत में हैं।
उन्होंने कहा, “हिरासत में लेने के बाद सुमित रॉय से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले। इन्हीं सुरागों के आधार पर सरिशा स्थित एक पार्टी कार्यालय में तलाशी ली गई, जहां से 1,02,79,000 रुपये नकद बरामद किए गए।”
हालांकि पुलिस ने यह स्पष्ट नहीं किया कि संबंधित पार्टी कार्यालय का संचालन कौन कर रहा था। उन्होंने पुष्टि की कि यह कार्यालय तृणमूल कांग्रेस का था लेकिन यह पता लगाने के लिए जांच जारी है कि इसका वास्तविक प्रबंधन किसके हाथ में था।
पुलिस अब यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इतनी बड़ी नकदी पार्टी कार्यालय में क्यों रखी गई थी और यह रकम कहां से आई थी।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि यह राशि कालीतला-आशुति थाने में दर्ज मिट्टी चोरी (सॉइल थेफ्ट) के मामले से जुड़ी हो सकती है। मामले की जांच जारी है।
–आईएएनएस
एएमटी/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



