विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को अपनी भाषा की मर्यादा का ख्याल रखने की नसीहत दी है। सुषमा स्वराज की ये टिप्पणी राहुल के उस बयान के बाद आई है जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने गुरु लाल कृष्ण आडवाणी को जूता मारकर स्टेज से नीचे उतार दिया।
शनिवार को सुषमा स्वराज ने हिन्दी और अंग्रेजी में ट्वीट करते हुए कहा कि राहुल के बयान से वह आहत हुई हैं और उन्हें अपनी भाषा की मर्यादा का ख्याल रखना चाहिए। सुषमा ने अपने ट्वीट में लिखा, ”राहुल जी- आडवाणी जी हमारे पिता तुल्य हैं। आपके बयान ने हमें बहुत आहत किया है। कृपया भाषा की मर्यादा रखने की कोशिश करें।”
आपको बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को पीएम मोदी पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा था कि मोदी जहां भी जाते हैं वहां किसी ना किसी की बुराई करते हैं। राहुल ने कहा कि मोदी जी के गुरु कौन हैं? आडवाणी जी। शिष्य गुरु के सामने हाथ भी नहीं जोड़ता। स्टेज से उठा कर फेंक दिया आडवाणी जी को। जूता मार के आडवाणी जी को उतारा स्टेज से और हिन्दू धर्म की बात करते हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हिन्दू धर्म में कहां लिखा है कि लोगों को मारना चाहिए।


Download Android App
Download iOS App




