धमकी भरे फोन के बाद एयर एशिया फ्लाईट की इमरजेंसी लैंडिंग, 150 से अधिक लोग थे सवार

Summary :

बागडोगरा से कोलकाता आ रही एयर एशिया की एक उड़ान को रविवार की शाम आपात स्थिति में शहर के हवाई अड्डे पर उतारा गया।

कोलकाता : बागडोगरा से कोलकाता आ रही एयर एशिया की एक उड़ान को रविवार की शाम आपात स्थिति में शहर के हवाई अड्डे पर उतारा गया। एयरलाइन के बेंगलुरु हवाई अड्डे स्थित कार्यालय में एक धमकी भरा फोन आया था, जिसके बाद इस उड़ान की आपात लैंडिंग करानी पड़ी। 
 नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान को सुरक्षित उतारने के लिए उसकी घेराबंद की गयी थी। एयर एशिया की उड़ान संख्या आई5-588 में 179 यात्री और चालक दल के छह सदस्य सवार थे।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एयर एशिया के बेंगलुरु स्थित कार्यालय में एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन किया था। 

उसने बताया कि बागडोगरा से कोलकाता जाने वाली उड़ान में कुछ संदिग्ध चीज है, जिससे यात्रियों को नुकसान पहुंच सकता है।

इस फोन कॉल के बाद शाम को छह बजे कोलकाता हवाई अड्डे पर आपात स्थिति की घोषणा कर दी गयी।  

अधिकारी ने बताया, ”बम निरोधक दस्ते द्वारा पूरी जांच के लिए विमान को एक अलग स्थान पर ले जाया गया।” 
 उन्होंने बताया कि विमान में कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली और वह यह अफवाह साबित हुआ।
इस विषय में अभी एयर एशिया से संपर्क नहीं हो सका है क्योंकि शहर स्थित उनके कार्यालय में किये गए फोन का किसी ने जवाब नहीं दिया। 

Shera Rajput