एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित की रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात, संभालेंगे वायुसेना प्रमुख का पद

Summary :

नई दिल्ली, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय वायुसेना के अगले प्रमुख नियुक्त किए गए एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की है। वायुसेना के नए प्रमुख के रूप में उनकी नियुक्ति की आधिकारिक घोषणा के बाद बुधवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से यह मुलाकात हुई। इस मुलाकात के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी। उन्होंने उन्हें उनके आगामी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं भी दीं। गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को भारतीय वायुसेना का अगला प्रमुख नियुक्त किया है। वर्तमान…

नई दिल्ली, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय वायुसेना के अगले प्रमुख नियुक्त किए गए एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की है। वायुसेना के नए प्रमुख के रूप में उनकी नियुक्ति की आधिकारिक घोषणा के बाद बुधवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से यह मुलाकात हुई।

इस मुलाकात के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी। उन्होंने उन्हें उनके आगामी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं भी दीं। गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को भारतीय वायुसेना का अगला प्रमुख नियुक्त किया है। वर्तमान में वह वायुसेना उपप्रमुख हैं।

एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित 31 अक्टूबर को वायुसेना प्रमुख का पद संभालेंगे। लगभग चार दशक के अपने सैन्य करियर में एयर मार्शल दीक्षित विभिन्न अभियानों और सैन्य अभ्यासों का हिस्सा रहे हैं। इनमें ऑपरेशन सफेद सागर, ऑपरेशन रक्षक और ऑपरेशन सिंदूर शामिल हैं। एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित भारतीय वायुसेना के 29वें प्रमुख होंगे। वह मौजूदा वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह का स्थान लेंगे। मौजूदा वायुसेना प्रमुख एपी सिंह 31 अक्टूबर को सेवानिवृत्त हो रहे हैं।

एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित भारतीय वायुसेना के अनुभवी लड़ाकू विमान पायलट हैं। उन्हें 6 दिसंबर 1986 को वायुसेना की लड़ाकू शाखा में कमीशन मिला था। अपने लंबे सैन्य करियर के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं। वायुसेना के उपप्रमुख के रूप में जिम्मेदारी संभालने से पहले एयर मार्शल दीक्षित एकीकृत रक्षा स्टाफ के प्रमुख और केंद्रीय वायु कमान के वायु अधिकारी कमांडिंग-इन-चीफ जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं। उनके पास संचालन, प्रशिक्षण और उच्च स्तर के सैन्य नेतृत्व का व्यापक अनुभव है।

उन्होंने मिराज-2000, मिग के विभिन्न संस्करण, एचपीटी-32, एएन-32, एवरो, किरण, जगुआर, आईएल-78, हॉक और तेजस सहित अनेक प्रकार के विमानों का संचालन किया है। वे एक एक्सपेरिमेंटल टेस्ट पायलट और क्वालिफाइड फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर भी हैं। उनकी नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब भारतीय वायुसेना अपनी युद्धक क्षमता को और मजबूत करने के साथ-साथ आधुनिक तकनीक, स्वदेशी रक्षा उत्पादन और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयारियों पर जोर दे रही है।

एयर मार्शल दीक्षित के सामने वायुसेना को इन प्राथमिकताओं के साथ आगे ले जाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी। रक्षा मंत्री के साथ हुई मुलाकात को इसी व्यापक संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि राजनाथ सिंह ने एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को उनकी नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं हैं।

–आईएएनएस

जीसीबी/एसके

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.