भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अमरकंटक को मिनी स्मार्ट सिटी बनाएंगे। इस कार्य पर 155 करोड़ रूपये की राशि व्यय की जायेगी। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में नर्मदा के बिना सुखमय जीवन की कामना नहीं की जा सकती। यह बात मुख्यमंत्री चौहान ने नर्मदा जयंती पर अनूपपुर जिले के रामघाट पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।
इस दौरान उन्होंने अमरकंटक में 12.56 करोड़ की लागत की जल प्रदाय योजना और 18.5 करोड़ रुपये लागत के सीवरेज प्लांट का भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि नमामि देवि नर्मदे सेवा यात्रा के दौरान नर्मदा को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिये जो संकल्प राज्य सरकार ने लिया था, उसे सामाजिक सहभागिता के साथ पूरा किया जायेगा।
उन्होंने कहा कि नर्मदा के तट पर स्थित सभी शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों में जनजागरण के साथ-साथ निर्माण कार्य कराने का काम सरकार द्वारा किया जा रहा है। इसी कड़ी में गत वर्ष नर्मदा तटीय क्षेत्रों पर लगभग 2 करोड़ पौधे रोपित करने का कार्य किया गया था, जो इस वर्ष भी जारी रहेगा।
मुख्यमंत्री ने लोगों का आव्हान किया कि नर्मदा में गन्दा पानी न छोड़ें और जल संरक्षण एवं संवर्द्धन के कार्य करवाने के लिये आगे आयें। उन्होंने मां नर्मदा की निर्मलता को बनाये रखने के लिये मिलकर प्रयास करने की आवश्यकता बतायी। इस अवसर पर क्षेत्रीय सांसद ज्ञान सिंह, अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह मरावी, विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष अम्बिका प्रसाद तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



