US advisory on Bangladesh: अमेरिका ने मंगलवार को अपने नागरिकों को बांग्लादेश की यात्रा न करने की सलाह दी। उसने कुछ हफ्तों से जारी विरोध-प्रदर्शनों के बीच, सोमवार को प्रधानमंत्री पद से शेख हसीना के अचानक इस्तीफा देने और देश छोड़कर जाने से पैदा हुए हालात के मद्देनजर यह कदम उठाया।
Highlights:
- बांग्लादेश में जारी हिंसक प्रदर्शन के बीच अमेरिका का बड़ा रुख
- बांग्लादेश में अपने नागरिकों से यात्रा न करने की अपील की
- अमेरिका के विदेश विभाग ने टॉप 4 स्तर किया जारी
अमेरिकी विदेश विभाग ने टॉप 4 लेवल का अलर्ट जारी कर यात्रा न करने का निर्देश दिया। यात्रा परामर्श जारी करते हुए बांग्लादेश में नियुक्त अमेरिका के गैर-आपातकालीन सरकारी कर्मचारियों और उनके परिजनों को तुरंत देश छोड़ने की सलाह भी दी है। बांग्लादेश में आरक्षण विरोधी हिंसक प्रदर्शनों में अब तक 100 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं।
फिलहाल भारत में हैं शेख हसीना
हसीना सोमवार रात बांग्लादेशी वायुसेना के एक सी-130 जे सैन्य विमान से भारत में गाजियाबाद के हिंडन एयरबेस पर उतरीं, जहां से उन्हें अज्ञात स्थान पर ले जाया गया। बताया जा रहा है कि हसीना की लंदन जाने की योजना है, लेकिन इसमें अब अड़चन आ गई है। अमेरिकी विदेश विभाग ने यात्रा परामर्श में कहा, ‘‘पांच अगस्त, 2024 को विभाग ने अमेरिका के गैर-आपातकालीन सरकारी कर्मचारियों और उनके परिजनों को बांग्लादेश छोड़ने का आदेश दिया है। ढाका में जारी अशांति के कारण यात्रियों को बांग्लादेश की यात्रा नहीं करने की सलाह भी दी गई है।’’
देश भर में तैनात है बांग्लादेशी सेना
परामर्श में कहा गया है, ‘‘ढाका, उसके आसपास के इलाकों और पूरे बांग्लादेश में हिंसक झड़पें हुई हैं। बांग्लादेशी सेना देश भर में तैनात है। ढाका के हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पांच अगस्त को उड़ानों का परिचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया। यात्रियों को उड़ानों की स्थिति जानने के लिए संबंधित विमानन कंपनियों से संपर्क करना चाहिए।’’ परामर्श में सलाह दी गई है कि यात्रियों को भीड़भाड़ वाले इलाकों में छोटे-मोटे अपराधों के प्रति सचेत रहना चाहिए। इसमें यह भी कहा गया है कि बांग्लादेश के प्रमुख शहरों में लूटपाट, चोरी, मारपीट और मादक पदार्थों की तस्करी जैसे अपराध बढ़ गए हैं, लेकिन विदेशियों को उनकी राष्ट्रीय पहचान के कारण निशाना बनाए जाने के बारे में कोई सूचना नहीं है।
आतंकी सार्वजनिक स्थानों को बना सकते हैं निशाना
यात्रा परामर्श के मुताबिक, आतंकवादी पर्यटक स्थलों, परिवहन केंद्रों, बाजारों/शॉपिंग मॉल, रेस्तरां, इबादत स्थलों, स्कूल परिसरों और सरकारी प्रतिष्ठानों को निशाना बना सकते हैं। इसमें कहा गया है, ‘‘सुरक्षा चिंताओं के कारण, बांग्लादेश में अमेरिकी दूतावास के कर्मियों पर कुछ यात्रा प्रतिबंध लगाए गए हैं।’’


Download Android App
Download iOS App



