भाजपा अध्यक्ष अमित शाह शनिवार को गांधीनगर लोकसभा सीट से नामांकन दाखिल करेंगे। उस दौरान केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह और नितिन गडकरी, शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे, शिअद सुप्रीमो प्रकाश सिंह बादल तथा लोजपा के संस्थापक रामविलास पासवान जैसे वरिष्ठ नेता मौजूद होंगे।
राजग के शीर्ष नेताओं की इस मौजूदगी को अमित शाह के लिए समर्थन और गठबंधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद दूसरे सबसे शक्तिशाली नेता के रूप में उनकी स्वीकार्यता के तौर पर देखा जा रहा है। गांधीनगर सीट से इस बार भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी की जगह पार्टी से शाह चुनाव लड़ रहे हैं। आडवाणी 1998 से इस सीट का प्रतिनिधत्व कर रहे थे।
लोकसभा चुनाव 2019 : गांधीनगर में भाजपा को हराना आसान नहीं
भाजपा की गुजरात इकाई के प्रमुख जीतू वघानी ने शुक्रवार को कहा कि शाह के नामांकन पत्र दाखिल करने के दौरान भाजपा के सहयोगी दलों के नेताओं और राजनाथ सिंह एवं नितिन गडकरी जैसे केंद्रीय मंत्री उपस्थित रहेंगे। इन सभी नेताओं के शनिवार को अहमदाबाद में एक रोड शो में शाह के साथ मौजूद रहने की संभावना है।
वघानी ने कार्यक्रम का ब्यौरा साझा करते हुए कहा कि चार किमी लंबा रोड शो अहमदाबाद के सरदार पटेल प्रतिमा से शुरू होगा और यह घाटलोडिया इलाके में पाटीदार चौक पर संपन्न होगा। उन्होंने बताया कि शाह अपना रोड शो शुरू करने से पहले लोगों को संबोधित भी करेंगे।
बता दें कि अमित शाह अभी गुजरात से राज्यसभा सदस्य हैं। गुजरात में सभी 26 सीटों के लिए 23 अप्रैल को होने वाले मतदान के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की आखिरी तारीख चार अप्रैल है।


Download Android App
Download iOS App




