बीजेपी की जीत पर बोले अमित शाह, 2019 में भी भाजपा की जीत तय

Summary :

NULL

नई दिल्ली: गुजरात और हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को रुझानों में बहुमत मिलने पर पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि ये जीत विकास की जीत है। इस जीत के लिए सभी पार्टी कार्यकर्ता बधाई के हकदार हैं। शाह ने कहा कि हमें मौका देने के लिए हम गुजरात और हिमाचल प्रदेश की जनता का धन्यवाद करते हैं। शाह ने कहा कि 2019 में भी भाजपा की जीत तय है। उन्होंने कहा कि गुजरात और हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों में भाजपा की जीत जातिवाद, वंशवाद और तुष्टीकरण के खिलाफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकासवाद की जीत है और वंशवाद, जातिवाद की हार है। अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस ने प्रधानमंत्री के लिए ओछे शब्द इस्तेमाल किए और राज्य में जातिवादी भावनाएं भड़काईं, जिसे जनता ने नकार दिया। अमित शाह दोपहर बाद भाजपा के दिल्ली स्थित मुख्यालय पहुंचे। यहां नतीजों से उत्साहित पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनकी जोरदार स्वागत किया।

उन्होंने कहा कि आज आज बीजेपी के लिए आनंद का दिन है। अब भाजपा दोनों राज्यों के विकास में जी-जान लगा देगी। हिमाचल और गुजरात की जनता ने भरोसा कर कमल लहरा दिया है। हिमाचल में लगातार चुनावों में भाजपा ने अपनी स्थिति बेहतर की है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल और गुजरात में कांग्रेस के बड़े नेता मुद्दों से भटकाने के कारण हारे हैं। हिमाचल में 10 फीसदी ज्यादा वोट मिले हैं। बीजेपी की 14 राज्यों में और एनडीए की 19 राज्यों में सरकार बनी है। अब उन्हें उम्मीद है कि त्रिपुरा, मेघालय, मिजोरम, कर्नाटक में भी जीत दर्ज करेंगे। गुजरात ने जातिवाद के प्रयास को विफल कर दिया है। यह जीत प्रधानमंत्री की नीतियों की जीत है।

इससे पूर्व बीजेपी दफ्तर में अमित शाह का जोरदार स्वागत किया गया। उधर हिमाचल प्रदेश के सीएम वीरभद्र ने ट्वीट कर हार की जिम्मेदारी ली है।

देश और दुनिया का हाल जानने के लिए जुड़े रहे पंजाब केसरी के साथ ।

Desk Team