एक और गिरफ्तारी, गुजरात ATS ने पकड़ा पाकिस्तानी जासूस, भेज रहा था सेना से जुड़े अपडेट

Summary :

गुजरात ATS की बड़ी कार्रवाई, पाक जासूस गिरफ्तार

गुजरात ATS ने एक पाकिस्तानी जासूस को गिरफ्तार किया है जो BSF और भारतीय वायुसेना से जुड़ी संवेदनशील जानकारी पाकिस्तान को भेज रहा था। सहदेव सिंह गोहिल नामक यह व्यक्ति लंबे समय से ISI के संपर्क में था। इस गिरफ्तारी के बाद सीमावर्ती इलाकों में चौकसी बढ़ा दी गई है। मामले की गहराई से जांच जारी है।

Pakistani Spy Arrested: गुजरात की आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) को देश की सुरक्षा में सेंध लगाने वाले एक और जासूस को पकड़ने में बड़ी कामयाबी मिली है. यह गिरफ्तारी भारत-पाकिस्तान की कच्छ सीमा के पास से की गई है. गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान सहदेव सिंह गोहिल के रूप में हुई है, जो सीमा सुरक्षा बल (BSF) और भारतीय वायुसेना से जुड़ी अहम जानकारी पाकिस्तान तक पहुंचा रहा था.

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी देश की संवेदनशील सैन्य जानकारियां पाकिस्तान को दे रहा था. उसे हिरासत में लेकर अहमदाबाद लाया गया है, जहां उससे लगातार गहन पूछताछ की जा रही है.

लंबे समय से पाकिस्तान के संपर्क में था

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी कई सालों से पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के संपर्क में था और वह सीमावर्ती क्षेत्रों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को गुप्त रूप से साझा कर रहा था. यह पहली बार नहीं है जब गुजरात की सीमा पर इस तरह का मामला सामने आया हो. इससे पहले भी पोरबंदर इलाके से एक संदिग्ध को पकड़ा जा चुका है.

बढ़ती जासूसी गतिविधियां बनीं चिंता का विषय

बता दें कि पिछले कुछ महीनों में देश के अलग-अलग सीमावर्ती इलाकों से करीब 12-13 संदिग्ध जासूसों को गिरफ्तार किया जा चुका है. इन सभी मामलों में एक जैसी रणनीति देखने को मिली है, जहां आरोपियों के तार पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े मिले हैं. यह घटनाएं यह दिखाती हैं कि पाकिस्तान की ओर से जासूसी नेटवर्क को फिर से सक्रिय करने की कोशिशें की जा रही हैं.

जांच जारी, प्रेस कॉन्फ्रेंस में होगा खुलासा

ATS अधिकारियों ने जानकारी दी है कि फिलहाल मामले की गहराई से जांच की जा रही है. बहुत जल्द इस केस से जुड़ी विस्तृत जानकारी को प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सार्वजनिक किया जाएगा. सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि इस नेटवर्क के पीछे कोई बड़ी साजिश छिपी हो सकती है, जिसे समय रहते उजागर करने के प्रयास किए जा रहे हैं.

चंबल की धरती ने सदियों से दुश्मनों का किया सफाया: CM मोहन यादव

सीमावर्ती इलाकों में चौकसी बढ़ी

इस घटनाक्रम के बाद सीमावर्ती क्षेत्रों में सतर्कता और चौकसी और अधिक बढ़ा दी गई है. साथ ही, अन्य संदिग्ध गतिविधियों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है ताकि राष्ट्रीय सुरक्षा से कोई समझौता न हो सके.

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।