कोंकण में शिवसेना (यूबीटी) को एक और झटका, विधायक भास्कर जाधव भी नाराज

Summary :

कोंकण में शिवसेना (यूबीटी) की मुश्किलें बढ़ीं, विधायक जाधव असंतुष्ट

शिवसेना (यूबीटी) कोंकण क्षेत्र में जहां डैमेज कंट्रोल करने में जुटी है, वहीं इस क्षेत्र में पार्टी के अंदर मची खींचतान रुकने का नाम नहीं ले रही है। पूर्व विधायक राजन साल्वी के बाद मौजूदा विधायक भास्कर जाधव भी शिवसेना (यूबीटी) से नाराज बताए जा रहे हैं। भास्कर जाधव इस समय कोंकण क्षेत्र में अपनी पार्टी के एकमात्र चेहरे हैं। ज्ञात हो कि 13 फरवरी को रत्नागिरी जिले के पूर्व विधायक राजन साल्वी ने शिवसेना (यूबीटी) पार्टी छोड़कर शिंदे गुट ज्वाइन कर लिया था, जिसके बाद पार्टी उनके नजदीकी नेताओं पर कार्रवाई कर रही है। इसके तहत शिवसेना (यूबीटी) ने शनिवार को रत्नागिरी सह संपर्क प्रमुख राजेंद्र महाडिक, जिला प्रमुख विलास चालके और चिपलून संगमेश्वर विधानसभा प्रमुख रोहन बने को पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण पार्टी से निकाल दिया। ये नेता राजन साल्वी के समर्थक थे और इन्हें उद्धव ठाकरे के आदेश के बाद पार्टी से निष्कासित किया गया। पार्टी कार्यालय की ओर से पत्र जारी कर इसकी जानकारी दी गई है।

शिवसेना (यूबीटी) के लिए एक और झटका देने वाली खबर सामने आ रही है। जानकारी के अनुसार, भास्कर जाधव भी पार्टी से नाराज चल रहे हैं और उनके करीबियों का कहना है कि पार्टी उन्हें नजरअंदाज कर रही है। उन्हें पार्टी में न तो उपयुक्त पद दिया जा रहा है और न ही काम। ऐसे में भास्कर जाधव का अगला कदम क्या होगा, ये बड़ा सवाल है।

इसी बीच शनिवार सुबह संजय राऊत ने बयान दिया कि वह भास्कर जाधव से बात करके मामले को सुलझाने की कोशिश करेंगे। इसी बीच, रत्नागिरी के पूर्व सांसद विनायक राऊत शनिवार दोपहर मातोश्री पहुंचे, जहां उन्होंने उद्धव से मुलाकात की। दरअसल, कोंकण में विनायक राऊत की कार्य प्रणाली से ही नेताओं में अनबन है। पूर्व विधायक राजन साल्वी भी विनायक राऊत से नाराज चल रहे थे। हालांकि, उन पर अकूत संपत्ति अर्जित करने का केस भी महाराष्ट्र एंटी करप्शन ब्यूरो में चल रहा है। ऐसे में शिंदे गुट में जाने की एक वजह ये भी बताई जाती है। सूत्रों के मुताबिक, वर्तमान विधायक भास्कर जाधव का भी विनायक राऊत से विवाद चल रहा है। इसलिए शनिवार को विनायक राऊत को मातोश्री तलब किया गया।

शिवसेना (यूबीटी) ने कोंकण क्षेत्र खास तौर पर रत्नागिरी में डैमेज कंट्रोल करने के लिए रविवार शाम को पार्टी नेताओं की बैठक बुलाई है। इस बैठक में कोंकण परिक्षेत्र में पार्टी नेताओं में मचे असंतोष पर चर्चा की जाएगी। राजन साल्वी सहित जिला स्तर के सैकड़ों कार्यकर्ताओं और नेताओं के पार्टी छोड़ने के बाद अगर भास्कर जाधव की नाराजगी दूर करने में भी यूबीटी असफल रही, तो कोंकण से यह पार्टी पूरी तरह से साफ हो जाएगी। क्योंकि भास्कर जाधव ही कोंकण क्षेत्र में शिवसेना (यूबीटी) के एकमात्र विधायक हैं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.