टोरेस मामले में गिरफ्तार यूक्रेनी अभिनेता की मुश्किलें बढ़ीं, एक और केस हुआ दर्ज

Summary :

टोरेस मामले में गिरफ्तार अभिनेता पर फर्जी प्रमाण पत्र का नया केस

यूक्रेनी नागरिक और अभिनेता आर्मेन अटेन के खिलाफ एक और मामला दर्ज किया गया। फर्जी जन्म प्रमाण पत्र मामले को लेकर मुंबई की भोईवाड़ा पुलिस स्टेशन में उनके खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश के तहत मामला दर्ज किया गया। अटेन के खिलाफ आईपीसी की धारा 420, 465, 467, 468, 471, 474, 120(B) और 34 के तहत मामला दर्ज किया गया। बता दें मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने 28 जनवरी को टोरेस ज्वैलरी धोखाधड़ी मामले में यूक्रेनी अभिनेता को गिरफ्तार किया था। आरोप है कि टोरेस स्टोर की विभिन्न योजनाओं में निवेश करने वाले सैकड़ों निवेशकों के साथ करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी की गई।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अटेन पर आरोप है कि वह यूक्रेनी नागरिकों और भारतीयों के बीच संपर्क की मुख्य कड़ी था। इसके साथ ही वह मुंबई में टोरेस स्टोर खोलने के लिए हुईं दो अहम बैठकों में भी शामिल हुआ।

यह घोटाला 6 जनवरी को सामने आया, जब टोरेस के स्टोर के बाहर बड़ी संख्या में निवेशक जमा हो गए, क्योंकि कंपनी ने उनके निवेश पर रिटर्न का भुगतान करने में चूक की थी।निवेशकों ने आरोप लगाया कि ज्वैलरी स्टोर ने उन्हें सोने, आभूषणों और मोइसैनाइट पत्थरों की खरीद पर अविश्वसनीय साप्ताहिक रिटर्न का वादा करके लुभाया था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अटेन ने दावा किया कि उनका इस कारोबार से कोई लेना-देना नहीं है और उन्हें इस मामले में झूठा फंसाया गया है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.