Telangana: तेलंगाना में अगले महीने होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के नेताओं का पार्टी छोड़ने का सिलसिला जारी है। रविवार को बीआरएस के एक और विधायक ने सत्तारूढ़ कांग्रेस का दामन थाम लिया।
Highlights:
- बीआरएस विधायक तेलम वेंकट राव हुए कांग्रेस में शामिल।
- मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी की मौजूदगी में कांग्रेस में शामिल हुए।
- पिछले एक महीने में बीआरएस से कांग्रेस में शामिल होने वाले तीसरे विधायक।
खबरों के मुताबिक, भद्राचलम से बीआरएस विधायक तेलम वेंकट राव, मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी और राजस्व मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी की मौजूदगी में कांग्रेस में शामिल हुए। वह एक महीने से भी कम समय में कांग्रेस में शामिल होने वाले मुख्य विपक्षी दल के तीसरे विधायक हैं।
भद्राचलम जिले से BRS के एकमात्र विधायक थे
वेंकट राव हाल के विधानसभा चुनावों में भद्राचलम से चुने गए थे। जिले की 10 सीटों में से यह बीआरएस के कब्जे वाली एकमात्र सीट थी। बीआरएस के टिकट पर मैदान में उतरे वेंकट राव ने कांग्रेस उम्मीदवार को 5,719 वोटों से हराया था।
तेलंगाना विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने बीआरएस को हराकर राज्य में अपनी सरकार बनाई है। कांग्रेस ने 30 नवंबर 2023 को हुए चुनावों में 119 सदस्यीय विधानसभा में 64 सीटें हासिल करके बीआरएस से सत्ता छीन ली थी। बीआरएस ने 39 सीटें जीतीं।
विधानसभा में BRS की संख्या 35 तक सिमटी
तीन विधायकों के पलायन और सिकंदराबाद छावनी सीट से विधायक की सड़क दुर्घटना में मृत्यु के बाद अब उसका संख्या बल घटकर 35 हो गया है। पिछले दो-तीन महीने में बीआरएस के पांच मौजूदा सांसद और कई अन्य नेता कांग्रेस या भाजपा में शामिल हो गये हैं।
पिछले विधानसभा चुनावों में बीआरएस के सत्ता खोने के बाद से कई नेताओं ने पार्टी छोड़ रहें हैं और यह सिलसिला लगभग जारी है।


Download Android App
Download iOS App



