जालंधर, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। जालंधर शहर में ईमेल के जरिए एक बार फिर से स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। ईमेल में आर्मी पब्लिक स्कूल और एपीएस पब्लिक स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है।
ई-मेल में रेलवे ट्रैक का भी जिक्र किया गया है और कहा गया है, “1 नवंबर को दिल्ली जाने वाली ट्रेनों में लोग सफर न करें।” आगे लिखा है, “अमृतसर, फिरोजपुर, लुधियाना और बठिंडा ट्रैक पर आईईडी ब्लास्ट किए जाएंगे।”
वहीं, स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी को लेकर आगे लिखा है, “आज 12:11 बजे बम धमाके किए जाएंगे। इसी के साथ राहुल गांधी के संगरूर में ब्लास्ट की धमकी दी गई है।” इस ई-मेल के बाद प्रशासन हरकत में आ गया और स्कूलों की इमारतों की जांच की जा रही है।
इससे पहले बीते महीने, 24 सितंबर को भी पंजाब में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के एक कार्यक्रम के दौरान बम विस्फोट की धमकी दी गई थी। एक धमकी भरा ईमेल मिला था, जिसमें मुंबई, दिल्ली और चंडीगढ़ में भाजपा के दफ्तरों में भी बम धमाकों की चेतावनी दी गई थी।
कथित ईमेल में ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ और ‘बब्बर खालसा’ का जिक्र था। पंचकूला के प्राइवेट स्कूलों को बम से उड़ाने की भी धमकी दी गई थी। इस ईमेल में लिखा था, “पंचकूला स्कूल, समय दोपहर 1:11 बजे। अपने बच्चे बचाओ। पंजाब में भाजपा की यात्रा में साथ न देना।”
इसी महीने 12 अक्टूबर को नोएडा में भी करीब एक दर्जन स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन अलर्ट हो गया था। सुरक्षा के मद्देनजर संबंधित स्कूलों में तत्काल जांच अभियान शुरू किया गया था। बम निरोधक दस्ते, डॉग स्क्वॉड, एंटी-सबोटाज चेकिंग टीम और फायर ब्रिगेड की टीमों को मौके पर भेजकर स्कूल परिसरों की सघन तलाशी ली गई थी।
–आईएएनएस
एसडी/एएस
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



