सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने स्वदेशी विमान तेजस में भरी उड़ान

Summary :

NULL

बेंगलुरु :  सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने बृहस्पतिवार को यहां एयरोइंडिया शो में स्वदेशी हल्के लड़ाकू विमान तेजस में उड़ान भरी और उन्होंने इस लड़ाकू जेट को ‘अनोखा विमान’ बताया जो वायुशक्ति में इजाफा करेगा। तेजस के दो सीटर प्रशिक्षु संस्करण में पायलट के पीछे बैठकर जनरल रावत ने आसमान में एक चक्कर काटा।

हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड द्वारा तैयार इस विमान को एक दिन पहले ही एयरशो में अंतिम संचालन अनुमति (एफओसी) मिली थी जो इस का संकेत है कि यह लड़ाकू मिशन के लिए तैयार है। जनरल रावत ने बेंगलुरु के उत्तर में यलहांका वायुसेना स्टेशन के ऊपर चक्कर लगाने के बाद कहा, ‘‘इस हल्के लड़ाकू विमान में उड़ान भरना अनोखा अनुभव है।’’ आधे घंटे की अपनी उड़ान के बाद उन्होंने कहा, ‘‘यह एक ताउम्र अनुभव है।

उन्होंने कहा कि तेजस की वैमानिकी अच्छी है और यह एक अनोखा विमान है। उन्होंने कहा कि इस हल्के लड़ाकू विमान की लक्ष्यभेदी प्रणाली अच्छी है। सेना प्रमुख ने कहा, ‘‘यदि इसे आयुध भंडार में शामिल किया जाता है तो इससे वायुशक्ति बढ़ेगी।’’ बुधवार को एयरोइंडिया, 2019 के पहले दिन इस विमान का एफओसी प्रमाण पत्र और रिलीज को सर्विस डोक्यूमेंट वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल बी एस धनोआ को सौंपा गया था।

4 दिन चलेगा एयर शो

द्विवार्षिक एयर शो ‘एयरो इंडिया 2019’ का आयोजन 20 फरवरी को शुरू हो गया है और ये 24 फरवरी तक चलेगा। इस पांच दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन भारतीय वायुसेना (आईएएफ) के येलहांका एयरपोर्ट पर किया जा रहा है। इस एयरो शो में वैश्विक और भारतीय एयरोस्पेस की प्रौद्योगिकीयों और उत्पादों को पेश किया जायेगा।

एयर शो के पहले हुआ था हादसा

भारतीय वायु सेना की हवाई करतब टीम सूर्य किरण के दो विमान यहां येलाहांका वायुसेना स्टेशन के पास मंगलवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गए थे। एअरो इंडिया कार्यक्रम शुरू होने से एक दिन पहले ही यह हादसा हुआ था।

Desk Team