एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक विजेता पिंकी प्रामाणिक बृहस्पतिवार को भाजपा में शामिल हो गईं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने यह जानकारी दी।
घोष ने कहा, ‘‘आज से पिंकी भाजपा परिवार का हिस्सा है।’’
पिंकी 2006 में 400 मीटर रिले स्पर्धा में एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक और राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक विजेता चौकड़ी की सदस्य थीं।
2012 में, पिंकी एक विवाद में फंस गई थी जब उनकी महिला मित्र ने उन पर बलात्कार और लैंगिक पहचान को लेकर गलत जानकारी देने का आरोप लगाया था।
उन्हें 25 दिनों के लिए हिरासत में रखा गया था और लिंग सत्यापन परीक्षण से भी गुजरना पड़ा।
कलकत्ता उच्च न्यायालय ने उन्हें 2014 में बलात्कार के आरोपों से बरी कर दिया था और उन्होंने पूर्वी रेलवे में अपने काम पर बहाली की।
चौदहवीं लोकसभा में माकपा का प्रतिनिधित्व करने वाले अर्जुन पुरस्कार विजेता ज्योतिर्मयी सिकदर इस साल की शुरुआत में भगवा पार्टी में शामिल हुई थीं।