Bangalore stampede case : केएससीए के दो सीनियर अधिकारियों ने दिया इस्तीफा

Summary :

केएससीए के दो सीनियर अधिकारियों ने दिया इस्तीफा

बेंगलुरु में आरसीबी के जश्न समारोह के दौरान हुई भगदड़ में 11 लोगों की मौत के बाद केएससीए के सचिव ए शंकर और कोषाध्यक्ष ईएस जयराम ने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दे दिया। पुलिस ने आरसीबी और अन्य मैनेजमेंट कंपनियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की और आरसीबी ने मृतकों के लिए मुआवजा घोषित किया।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने तीन जून को अपना पहला आईपीएल खिताब जीता। इसके अगले दिन बेंगलुरु में आरसीबी ‘जश्न समारोह’ के दौरान एम चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ मची, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई और कई घायल भी हुए। कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) के दो वरिष्ठ अधिकारियों ने ‘नैतिक जिम्मेदारी’ का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इन अधिकारियों में सचिव ए शंकर और कोषाध्यक्ष ईएस जयराम का नाम शामिल है, जिन्होंने अपना इस्तीफा केएससीए अध्यक्ष रघुराम भट को सौंपा है।

शुक्रवार को केएससीए को भेजे गए पत्र में शंकर और जयराम ने लिखा, “पिछले दो दिनों में हुई अप्रत्याशित और दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं में हमारी भूमिका बहुत सीमित थी। लेकिन नैतिक जिम्मेदारी के चलते हम यह बताना चाहते हैं कि कल रात हमने केएससीए के सचिव और कोषाध्यक्ष के रूप में अपने-अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है।”बेंगलुरु हादसे पर स्थानीय पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। बेंगलुरु शहर के सेंट्रल डिवीजन में कब्बन पार्क पुलिस ने आरसीबी मैनेजमेंट को पहला, जबकि डीएनए इवेंट मैनेजमेंट कंपनी को दूसरा आरोपी बनाया है। इनके अलावा केएससीए की मैनेजमेंट कंपनी को तीसरा आरोपी बनाया गया है।

ये एफआईआर धारा 105 (गैर इरादतन हत्या), 115 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) और 118 (खतरनाक हथियारों या साधनों का उपयोग करके स्वेच्छा से चोट पहुंचाना या गंभीर चोट पहुंचाना) के तहत दर्ज की गई है। शुक्रवार को स्थानीय पुलिस ने आरसीबी के मार्केटिंग और रेवेन्यू हेड निखिल सोसले की गिरफ्तारी की पुष्टि की थी। इस हादसे के बाद आरसीबी ने प्रत्येक मृतक के लिए 10 लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की है।

इसके अलावा घायलों के इलाज का खर्चा उठाने का वादा भी किया है।इस हादसे के बाद भीड़ भाड़ में मची भगदड़ और उसके बाद होने वाली दुर्घटनाओं में जवाबदेही तय करने की आवश्यकता जैसे सवाल फिर से उभरकर आए हैं। आरसीबी आईपीएल की उन टीमों में एक है जिसके पास अपना लॉयल फैन बेस है। आरसीबी आईपीएल में 2008 से हिस्सा है और इसने पहली बार यह टूर्नामेंट 2025 में जीता है। इसके बाद फैंस में अपनी टीम की जीत के प्रति उत्साह चरम पर था।

Bengaluru Stampede : विराट कोहली के खिलाफ दर्ज हुई FIR

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.