बरेली, 17 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के बरेली में सोमवार को हुए डबल मर्डर केस का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पकड़ने आई पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी थी और जवाबी कार्रवाई में मारा गया।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि इज्जतनगर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक व्यक्ति ने अपनी ही सास और साले की चाकू मारकर हत्या कर दी, जबकि अपनी पत्नी को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल पत्नी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस को सोमवार रात में सूचना मिली कि आरोपी अवैध हथियार लेकर गांव और आसपास के क्षेत्रों में घूम रहा है और किसी और बड़ी वारदात को अंजाम दे सकता है। इस इनपुट को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और आरोपी की तलाश के लिए तीन टीमें लगा दी गईं।
तलाश के दौरान पुलिस को पुख्ता जानकारी मिली कि आरोपी इसी इलाके में छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने उसे घेरने और पकड़ने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कई बार चेतावनी दी, लेकिन आरोपी ने मानने के बजाय पुलिस पार्टी पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की।
मुठभेड़ के दौरान आरोपी को गोली लग गई। उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके से पुलिस ने एक पिस्टल .32 बोर बरामद की है। साथ ही, घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है। अब तक मौके से कई खोखे भी मिले हैं, जिन्हें फोरेंसिक जांच के लिए सुरक्षित किया जा रहा है।
आरोपी का आपराधिक इतिहास भी काफी लंबा है। वर्ष 2009 में उसने अपने सगे मामा की हत्या की थी, जिसके लिए उसे आजीवन कारावास की सजा हुई थी। इसके अलावा, उसके खिलाफ चोरी और अन्य मामलों की भी जानकारी पुलिस के पास है, लेकिन अब यह पता लगाया जा रहा है कि कुल कितने मुकदमे उसके ऊपर दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस की टीम पूरे इलाके में मौजूद है और गहन जांच कर रही है। मौके से सबूत इकट्ठे किए जा रहे हैं और फील्ड डाटा संकलित किया जा रहा है। पुलिस एसओपी के अनुसार हर कदम उठा रही है ताकि आगे की कानूनी कार्रवाई सही तरीके से हो सके।
–आईएएनएस
पीआईएम/एएस
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)





















