होली के ठीक पहले बिहार कांग्रेस में बड़ी टूट हुई। पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अशोक चौधरी समेत कांग्रेस के चार विधान पार्षदों (एमएलसी) ने पार्टी को अलविदा कह जदयू का दामन थाम लिया। इससे पहले अशोक चौधरी गुट ने बुधवार की देर शाम विधान परिषद के उपसभापति हारुण रशीद को आवेदन देकर सदन में अलग गुट के रूप में मान्यता देने का आग्रह किया।
खबर सार्वजनिक होने के बाद बिहार कांग्रेस के प्रभारी अध्यक्ष कौकब कादरी ने चौधरी समेत चारों नेताओं को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। अशोक चौधरी के अलावा जदयू का दामन थामने वाले अन्य एमएलसी दिलीप चौधरी, रामचंद्र भारती और तनवीर अख्तर हैं।
अशोक चौधरी ने देर रात अपने सरकारी आवास 1, पोलो रोड पर एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित कर अपने फैसले की जानकारी दी। संवाददाता सम्मेलन के दौरान अशोक चौधरी ने कहा कि ‘मैने अध्यक्ष पद संभालने के बाद बिहार में कांग्रेस को खड़ा किया। 4 विधायक वाली पार्टी को 27 विधायक तक पहुंचाया। विधान परिषद में कांग्रेस के 6 सदस्य बने। इसके बावजूद मेरे साथ क्या हुआ, ये किसी से छिपा नहीं है। मुझे अपमानित किया गया और मुझ पर झूठे आरोप लगाए गए। ऐसे में इतनी बेइज्जती और आरोपों के बाद कांग्रेस छोड़ने के अलावा मेरे पास कोई चारा नहीं था।
अशोक चौधरी ने बताया कि वह और तीन अन्य पार्षद जदयू की सदस्यता ग्रहण करेंगे। इस संबंध में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मेरी बात हो गई है। उनकी रजामंदी के बाद हमने विधान परिषद में अलग गुट की मान्यता के लिए आवेदन दे दिया है।
चौधरी ने कहा नीतीश कुमार पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं। न ही वे जाति की राजनीति में विश्वास करते हैं। उनका ध्येय राज्य का विकास करना है। इस वक्त उनके जैसा दूसरा कोई राजनेता नहीं। उन्होंने कहा जदयू में जाने के पीछे पद जैसी कोई लालसा मेरी नहीं है। पार्टी मुझे जो दायित्व सौंपेगी उसका मैं निर्वहन करुंगा।
जीतन राम मांझी से जुड़े एक सवाल पर चौधरी ने कहा कि यह तो जनता तय करेगी कि दलित का बड़ा नेता कौन है? मांझी अपना खुद का चुनाव नहीं जीत सकते ऐसे में वे दलितों के कितने बड़े नेता हैं, इसका सहज आकलन किया जा सकता है। एक अन्य सवाल पर उन्होंने कहा आगे देखिए, अभी कांग्रेस को और लोग भी अलविदा कहेंगे। प्रेस कांफ्रेंस में पार्टी छोडऩे वाले पार्षद रामचंद्र भारती, दिलीप चौधरी, तनवीर अख्तर के साथ ही पूर्व सचिव रंजीत झा सुमन कुमार मलिक, संजय सिन्हा के अलावा दूसरे कई नेता मौजूद रहे।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे।


Download Android App
Download iOS App



