बिहार में नीतीश कुमार के विकास कार्यों को आगे बढ़ाएंगे सम्राट चौधरी: नितिन नवीन

Summary :

पटना, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बिहार के मुख्यमंत्री पद से नीतीश कुमार के इस्तीफे और सम्राट चौधरी को भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी नीतीश कुमार द्वारा शुरू किए गए विकास कार्यों को आगे बढ़ाएंगे। नितिन नवीन ने विश्वास जताया कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ेगा। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि यह बिहार के लिए बहुत खास है, और जिस तरह नीतीश कुमार ने पिछले 20 वर्षों में बिहार के विकास को कई…

पटना, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बिहार के मुख्यमंत्री पद से नीतीश कुमार के इस्तीफे और सम्राट चौधरी को भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी नीतीश कुमार द्वारा शुरू किए गए विकास कार्यों को आगे बढ़ाएंगे।

नितिन नवीन ने विश्वास जताया कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ेगा।

मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि यह बिहार के लिए बहुत खास है, और जिस तरह नीतीश कुमार ने पिछले 20 वर्षों में बिहार के विकास को कई आयाम दिए हैं, अब उन उपलब्धियों को एक नए स्तर तक ले जाने की जिम्मेदारी सम्राट चौधरी को सौंपी गई है।

उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी को बिहार एनडीए विधानमंडल दल का नेता चुने जाने पर शुभकामनाएं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन में बिहार, प्रगति, समृद्धि और आत्मनिर्भरता के पथ पर आगे बढ़ते हुए ‘विकसित बिहार 2047’ के संकल्प को नई ऊर्जा और गति प्रदान करेगा।

भाजपा विधायक दल के नेता सम्राट चौधरी ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री और पूरी भारतीय जनता पार्टी इकाई, साथ ही पूरी एनडीए टीम के प्रति अपना आभार व्यक्त करना चाहूंगा। मुझे बिहार की समृद्धि का रास्ता खोलने का अवसर दिया गया है।

सम्राट चौधरी ने एक्स पोस्ट में लिखा कि भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित ऐतिहासिक बैठक में, पर्यवेक्षक एवं केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की उपस्थिति में भाजपा विधानमंडल दल का नेता चुने जाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। सभी साथियों द्वारा सर्वसम्मति से मुझ पर व्यक्त किए गए इस विश्वास के लिए हृदय से आभार एवं अभिनंदन किया। पीएम मोदी के मार्गदर्शन में बिहार को विकास, सुशासन और समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहूंगा। आप सभी का विश्वास, स्नेह और आशीर्वाद ही मेरी सबसे बड़ी शक्ति और प्रेरणा है। इसी ऊर्जा के साथ जनसेवा के इस पथ पर आगे बढ़ता रहूंगा।

दूसरी ओर सम्राट चौधरी के गांव और तारापुर विधानसभा में लोगों ने जश्न मनाया। लोगों ने एक दूसरे को गुलाल लगाकर खुशी जाहिर की। साथ ही एक दूसरे को मिठाइयां भी खिलाई गई।

–आईएएनएस

डीकेएम/एमएस

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.