बिहार में पांच आईपीएस और एक आईएएस अधिकारी का तबादला, कई जिलों के एसपी बदले

Summary :

पटना, 4 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार सरकार ने बुधवार को प्रशासनिक और पुलिस महकमे में फेरबदल करते हुए पांच भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारियों और एक भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी का तबादला कर दिया। गृह विभाग और सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई है। इसके तहत खगड़िया और शिवहर जिले के पुलिस अधीक्षकों समेत कई अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। गृह विभाग (आरक्षी शाखा) की अधिसूचना के अनुसार, राज किशोर सिंह को पटना सिटी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 के पद से स्थानांतरित कर सारण जिले का नगर पुलिस अधीक्षक बनाया…

पटना, 4 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार सरकार ने बुधवार को प्रशासनिक और पुलिस महकमे में फेरबदल करते हुए पांच भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारियों और एक भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी का तबादला कर दिया। गृह विभाग और सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई है। इसके तहत खगड़िया और शिवहर जिले के पुलिस अधीक्षकों समेत कई अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।

गृह विभाग (आरक्षी शाखा) की अधिसूचना के अनुसार, राज किशोर सिंह को पटना सिटी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 के पद से स्थानांतरित कर सारण जिले का नगर पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वह छपरा में पदस्थापित होकर नई जिम्मेदारी संभालेंगे। इसी तरह खगड़िया के पुलिस अधीक्षक भानु प्रताप सिंह को तत्काल प्रभाव से बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना में योगदान देने का निर्देश दिया गया है।

वहीं, शिवहर के पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह को खगड़िया का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। मुजफ्फरपुर के नगर पुलिस अधीक्षक मोहिबुल्लाह अंसारी को शिवहर का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। इस फेरबदल के बाद खगड़िया और शिवहर जिले में पुलिस अधीक्षक के पद पर नए अधिकारियों की तैनाती होगी।

अधिसूचना के तहत बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-16, पटना की समादेष्टा अपराजीत को राज्यपाल के परिसहाय (पुलिस) के पद पर नियुक्त किया गया है। वह राज्यपाल सचिवालय, बिहार, पटना में अपनी नई जिम्मेदारी संभालेंगी। वहीं, बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-10, पटना की समादेष्टा ममता कल्याणी को बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-16, पटना के समादेष्टा का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वह अगले आदेश तक अपने वर्तमान पद के साथ यह जिम्मेदारी भी निभाएंगी।

इधर, सामान्य प्रशासन विभाग की अधिसूचना के अनुसार, आईएएस अधिकारी दीपक कुमार सिंह को राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव के पद से स्थानांतरित करते हुए बिहार राज्य योजना परिषद, पटना का मुख्य परामर्शी नियुक्त किया गया है। उनके पास सामान्य प्रशासन विभाग के महानिदेशक-सह-मुख्य जांच आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी बना रहेगा। सभी अधिकारियों की नई पदस्थापना तत्काल प्रभाव से लागू होगी।

–आईएएनएस

एमएनपी/डीकेपी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.