गोपालगंज, 25 मई (आईएएनएस)। बिहार के मोकामा से बाहुबली विधायक अनंत सिंह को एक अदालत ने सोमवार को बड़ी राहत दी है। गोपालगंज की एक अदालत ने अश्लील नृत्य और हथियार लहराने वाले एक मामले में फिलहाल गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। वायरल वीडियो में हथियार लहराने से संबंधित एक मामले में गोपालगंज की एमपी-एमएलए कोर्ट में सुनवाई हुई। इस सुनवाई के बाद अदालत ने अनंत सिंह की गिरफ्तारी पर तत्काल रोक लगा दी है।
वहीं, अग्रिम जमानत का फैसला कोर्ट ने सुरक्षित रखा है। अब इस मामले की अगली सुनवाई 30 मई को होनी है। पटना हाईकोर्ट से पहुंचे अधिवक्ता कुमार हर्षवर्धन ने विधायक अनंत सिंह की अग्रिम जमानत याचिका पर बहस की और विधायक को निर्दोष बताते हुए अग्रिम जमानत देने और गिरफ्तारी पर रोक लगाने की अपील की। एमपी-एमएलए कोर्ट ने विधायक की तत्काल गिरफ्तारी पर रोक लगाते हुए फैसले को सुरक्षित रख लिया है और 30 मई को अगली सुनवाई की तिथि मुकर्रर कर दी है।
बता दें कि मीरगंज थाने के सेमरांव गांव में बीते 2-3 मई को अनंत सिंह यहां गुंजन सिंह के घर पर आयोजित जनेऊ कार्यक्रम में पहुंचे हुए थे, जहां समर्थकों के हथियार प्रदर्शन का वीडियो वायरल हुआ था। मीरगंज पुलिस ने इसी मामले में विधायक अनंत सिंह, भोजपुरी गायक गुंजन सिंह समेत 9 लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की थी। इसे लेकर राजनीति भी खूब हुई थी।
सोशल मीडिया पर इस समारोह का एक वीडियो वायरल हुआ था। इस मामले में गोपालगंज पुलिस ने हथियारों की बैलिस्टिक जांच के लिए विधायक को 15 मई तक उपस्थित होकर हथियारों की जांच कराने के लिए नोटिस दिया था, जिसमें विधायक और उनके समर्थक हथियार और उसके लाइसेंस के साथ उपस्थित नहीं हो सके। इसके बाद पुलिस ने दो नए धाराओं को एफआईआर में जोड़ने के लिए अदालत में अर्जी दी है।
–आईएएनएस
एमएनपी/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



