SC Notice to NTA: नीट यूजी पेपर लीक मामले (NEET Paper Leak Case) को लेकर देशभर में चल रहे विवाद के बीच सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा कदम उठाया है। कोर्ट ने यूनाइटेड डॉक्टर्स फेडरेशन’ की उस जनहित याचिका (PIL) पर केंद्र सरकार और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) को नोटिस जारी किया है, जिसमें मांग की गई है कि एनटीए को भंग कर मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं के लिए एक नई और स्वतंत्र संस्था बनाई जाए। कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए देश के सॉलिसिटर जनरल (SG) को केंद्र सरकार की और से पेश होने और जल्द जवाब देने का आदेश दिया है। अब इस पूरे मामले की अगली सुनवाई शुक्रवार को होगी, जिस पर छात्रों और अभिभावकों की नजरें टिकी हुई हैं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि छात्रों के भविष्य से किसी भी तरह का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जा सकता। अदालत ने यह भी माना कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और सुरक्षा बेहद जरूरी है। कोर्ट ने परीक्षा सुधारों के लिए बनाई गई के राधाकृष्णन कमेटी से अब तक की प्रगति रिपोर्ट मांगी है। अदालत यह जानना चाहती है कि कमेटी ने पिछले दो वर्षों में परीक्षा प्रणाली को मजबूत करने और पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या कदम उठाए हैं।
SC Notice to NTA: एनटीए पर उठ रहे सवाल

याचिका दायर करने वाले यूनाइटेड डॉक्टर्स फेडरेशन का कहना है कि एनटीए बार-बार होने वाले पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ियों को रोकने में असफल रही है। संगठन का आरोप है कि एजेंसी की कार्यप्रणाली पर अब छात्रों और अभिभावकों का भरोसा कमजोर हो चुका है। उनका कहना है कि जब तक परीक्षा कराने की जिम्मेदारी किसी स्वतंत्र और पारदर्शी संस्था को नहीं दी जाएगी, तब तक ऐसी घटनाएं रुकना मुश्किल है।
Neet Leak Case Supreme Court: कलबुर्गी मामले ने बढ़ाई चिंता

इस बीच कर्नाटक के कलबुर्गी में नीट अभ्यर्थी भाग्यश्री की आत्महत्या का मामला भी चर्चा में बना हुआ है। इस घटना के बाद छात्रों में काफी नाराजगी देखने को मिल रही है। मामले में गिरफ्तार आरोपी की ओर से अदालत में कहा गया कि उसे 22 मई को गिरफ्तार किया गया था और वह लगातार जांच में सहयोग कर रही है। बचाव पक्ष ने यह भी कहा कि आरोपी से अब कुछ बरामद होना बाकी नहीं है, इसलिए उसे हिरासत में रखने की जरूरत नहीं है।
हालांकि इस दलील के बाद सोशल मीडिया पर छात्रों का गुस्सा और बढ़ गया। कई छात्रों का कहना है कि परीक्षा घोटालों की वजह से युवाओं का मानसिक दबाव लगातार बढ़ रहा है और ऐसी घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं।
NEET leak Case SC: शुक्रवार की सुनवाई पर टिकी उम्मीदें
अब इस मामले की अगली सुनवाई शुक्रवार को होगी। माना जा रहा है कि इस सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट परीक्षा प्रणाली में सुधार को लेकर बड़े निर्देश दे सकता है। देशभर के लाखों छात्र और उनके परिवार इस फैसले का इंतजार कर रहे हैं। यह मामला सिर्फ एक परीक्षा तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि अब देश की पूरी परीक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता से जुड़ा बड़ा मुद्दा बन चुका है।


Download Android App
Download iOS App




