गुजरात के अहमदाबाद में साइबर पुलिस ने एक व्यक्ति को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान और जेल में बंद दो विवादास्पद धर्मगुरूओं आसाराम बापू और गुरमीत राम रहीम के नाम का भाजपा का ई-सदस्यता कार्ड सोशल मीडिया में जारी करने आरोप में गिरफ्तार किया है।
शहर के मुस्लिम बहुल शाहपुर क्षेत्र से पकड़े गए रफीक (40) ने इमरान खान के अलावा उक्त दोनो धर्मगुरूओं के नाम वाले भाजपा के ई-सदस्यता कार्ड की तस्वीरें व्हाट्स एप्प के जरिये भेजी थीं। सायबर सेल के प्रभारी एसीपी राजदीप झाला और इस मामले के जांच अधिकारी डी पी बारड ने बताया कि शाहपुर निवासी रफीक को भाजपा के एक कार्यकर्ता की शिकायत के बाद पकड़ा गया है।

उसके पास से उक्त तीनो कार्ड बरामद हुए हैं जो पहली नजर में तो नकली मालूम होते हैं पर इस मामले में विस्तृत जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि उसने कहीं इन्हें धोखाधड़ी कर तो नहीं बनवाया है। ज्ञातव्य है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृहराज्य गुजरात में भी आजकल सत्तारूढ़ भाजपा का सदस्यता अभियान जोर शोर से जारी है। अगले माह तक चलने वाले इस अभियान के तहत लोगों को ई सदस्यता कार्ड जारी किये जा रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



