नयी दिल्ली : आम आदमी पार्टी ने महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे को देशभक्त बताने के भाजपा नेता प्रज्ञा सिंह ठाकुर के बयान को देश को तोड़ने वाला बताते हुये कहा है कि भाजपा देश का ऐसा नुकसान कर रही है जिसकी भरपाई नहीं हो सकती है। पार्टी द्वारा बृहस्पतिवार को जारी बयान में प्रज्ञा ठाकुर के बयान की निंदा करते हुये कहा गया है, ‘‘महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे की प्रशंसा करने वाले मामले में आरोपी प्रज्ञा ठाकुर के बयान से पूरा देश हतप्रभ है। देश के सत्तारूढ़ दल द्वारा गोडसे की प्रशंसा करने की कोई भारतीय कल्पना भी नहीं कर सकता है।’’
पार्टी ने कहा कि भाजपा देश को तोड़ने का ऐसा काम कर रही है जिससे होने वाले नुकसान की भरपाई नहीं हो सकती है। लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास करने वाले सभी देशवासियों को इस खतरे को समय रहते समझना चाहिये। उल्लेखनीय है कि प्रज्ञा ठाकुर ने अपने एक बयान में महात्मा गांधी की हत्या करने वाले गोडसे को देशभक्त बताया था। इस पर विवाद उत्पन्न होने के बाद प्रज्ञा ठाकुर ने माफी मांगते हुये अपना बयान वापस ले लिया।


Download Android App
Download iOS App



