तृणमूल कांग्रेस के महासचिव पार्थ चटर्जी ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर पश्चिम बंगाल में तोड़फोड़ और हत्या के जरिए कानून व्यवस्था को बिगाड़ने का आरोप लगाया। पश्चिम बंगाल के उत्तरी 24 परगना जिले में तृणमूल कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हुई हिंसक झड़प के एक दिन बाद उनका यह बयान आया है। घटना में आठ लोगों के मारे जाने की आशंका है।
राज्य के शिक्षा मंत्री चटर्जी ने कहा, “लोगों को यह देखने दें कि कौन बंगाल में पैर जमाने के लिए रक्तपात, हिंसा और बर्बरता का सहारा ले रहा है। वे लोग तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की हत्या कर और उनके घरों में तोड़फोड़ कर कानून-व्यवस्था को बाधित कर रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी भाजपा के शांति और सद्भाव को बाधित करने के प्रयासों का अहिंसक तरीके से विरोध करेगी। राज्य में राजनीतिक हिंसा की निंदा करते हुए चटर्जी ने कहा, “ऐसी हिंसा असामान्य है। किसी को इस तरह की हिंसा के कारण को समझना होगा। यह पिछले साढ़े सात वर्षों में नहीं हुआ है।”
उन्होंने कहा, “क्या यह संभव है कि हमारी पार्टी सत्ता में है और कानून और व्यवस्था अपने आप बिगड़ रही है।” चटर्जी ने आगे कहा, “भाजपा अपनी शक्ति का प्रदर्शन कर रही हैं लेकिन तृणमूल कांग्रेस राज्य में अभी भी अधिक से अधिक सीटों के साथ आगे चल रही है।” मंत्री ने इस बारे में भी बात की कि किस तरह से तृणमूल कांग्रेस ने जंगलमहल और उत्तर बंगाल की पहाड़ियों में शांति बनाए रखी।


Download Android App
Download iOS App



