तिरुवनंतपुरम/पुडुचेरी, 21 मार्च (आईएएनएस)। भाजपा ने केरल और पुडुचेरी विधानसभा चुनाव 2026 के लिए शनिवार को अपने उम्मीदवारों की नई सूची जारी कर दी है। पार्टी के केंद्रीय कार्यालय की ओर से जारी प्रेस रिलीज के अनुसार, केरल में 11 और पुडुचेरी में 9 प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारे गए हैं।
भाजपा ने केरल के लिए जारी तीसरी सूची में 11 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया गया है। इस सूची में पीरुमेड सीट से वी. रतीश, पुथुप्पल्ली से रवींद्रनाथ वकाथनम, मवेलिक्कारा (एससी) से अजीमोन और अदूर (एससी) से पंडालम प्रतापन को टिकट दिया गया है।
इसके अलावा, चवारा से केआर राजेश, चडायमंगलम से आरएस अरुण राज, चिरायिनकीझु (एससी) से बीएस अनूप को उम्मीदवार बनाया गया है। राजधानी क्षेत्र की सीटों पर भी भाजपा ने अपने प्रत्याशी उतारे हैं। तिरुवनंतपुरम से करमना जयन, अरुविक्कारा से विवेक गोपन, कोवलम से टीएन सुरेश और नेय्याट्टिंकारा से एस राजशेखरन नायर को टिकट दिया गया है।
वहीं, पुडुचेरी विधानसभा चुनाव के लिए भी भाजपा ने उम्मीदवारों की सूची जारी की है। इस संबंध में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक 18 मार्च 2026 को पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में हुई थी। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह और अन्य वरिष्ठ नेता भी शामिल हुए थे।
पुडुचेरी के लिए जारी सूची में मन्नादीपेट से ए. नमस्सिवायम, ओस्सुडु (एससी) से ई. थीप्पैंथन, कालापेट से पीएमएल कल्याणसुंदरम और राज भवन सीट से वीपी रामलिंगम को उम्मीदवार बनाया गया है।
इसके अलावा, मुदलियारपेट से ए. जॉनकुमार, मनावेली से एम्बलम आर. सेल्वम, तिरुनल्लार से जीएनएस राजसेकरन, नेरावी-टीआर पट्टिनम से टीकेएसएम मीनाक्षीसुंदरम और माहे से ए. दिनेशन को चुनावी मैदान में उतारा गया है।
केरल और पुडुचेरी में एक ही चरण में 9 अप्रैल को चुनाव होना है। वोटों की गिनती 4 मई को की जाएगी और चुनाव के नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे।
–आईएएनएस
वीकेयू/वीसी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



